रविवार, 2 सितंबर 2018

व्योमवार्ता / मो मन गिरिधर छवि पे अटक्यो , जन्माष्टमी  पर विशेष,: व्योमेश चित्रवंश की डायरी 2 सितंबर 2018

व्योमवार्ता / मो मन गिरिधर छवि पे अटक्यो , जन्माष्टमी  पर विशेष : व्योमेश चित्रवंश की डायरी,  2 सितंबर 2018

           भारत अपने अधोपतन के कालखंड से गुजर रहा था। अकबर द्वारा मुगलिया सल्तनत के पाये भारत की जमीन में गाड़े जा चुके थे। दासता के साथ साथ हिंदुओं में मुस्लिम कुसंग से विलासिता व व्यभिचार भी पनप रहा था।

इस विदेशी सत्ता का प्रतिरोध राजनैतिक रूप से मेवाड़ के सिसोदिया राजवंश के नेतृत्व में और सांस्कृतिक रूप से रामानंद, वल्लभाचार्य, कबीर, रैदास,तुलसी, मीरा, सूर आदि द्वारा किया जा रहा था परंतु फिर भी दासता का भाव गहराता जा रहा था और साथ ही बढ़ता जा रहा था हिंदू जाति का चारित्रिक पतन जो मुगल सत्ता के हरेक शहरी केंद्र में तवायफों व वेश्याओं के कोठों की बढ़ती संख्या में स्पष्ट दिख रहा था और मुगलिया सत्ता के मुख्य केंद्र आगरा में तो यह चरम पर था।

और उसी आगरा में एक शाम हर रोज की तरह  तंग और बदनाम गलियों में शाम से ही 'रंगीन रातों ' का आगाज हो चुका था।  कोठों से श्रृंगार रस की स्वर लहरियाँ उठ रहीं थीं ।

ऐसी ही गली से दैववश साधारण वस्त्रों में एक असाधारण पुरुष गुजर रहा था। साधारण नागरिकों के वस्त्रों में भी उसके चेहरे की आभा उसके तपस्वी व्यक्तित्व होने की घोषणा कर रही थी। वह कुछ गुनगुनाते हुये जा रहा था।

"उफ ये आखिरी पंक्ति पूरी ही नहीं हो पा रही है इतने दिनों से" वह झुंझलाकर स्वगत बड़बड़ाया ।

और तभी रूप और संगीत के उस बाजार के एक कोठे से एक मधुर स्वर उठा। मधुर स्वरलहरियाँ उसके कानों में पड़ीं और वह उस आवाज को सुनकर जैसे चौंक उठा। लंबे लंबे डग भरते उसके पैर सहसा ठिठक गये ।

ऐसी अद्भुत आवाज ?
रूप और वासना के इस बाजार में ??

उसके कदम स्वरों की दिशा में यंत्रचलित अवस्था में खिंचने लगे ।

स्वर जितने अधिक  स्पष्ट  होते  गये  वह उतना ही अपने भीतर  डूबता चला गया। अंततः उसके पग उन स्वरों के उद्गमस्थल पर पहुँच कर रुक गए। 

एक गणिका का कोठा।

और फिर उपस्थित हो गया एक अद्भुत दृश्य ..

बदनाम कोठे के नीचे एक खड़ा एक पुरुष, कर्णगह्वरों से होकर आत्मा की गहराइयों तक उतरती स्वरलहरियों में डूबा, भाव विभोर और अर्धनिमीलित नेत्रों से अपने अश्रुओं को उस आवाज पर  न्योछावर सा करता हुआ।

गीत अंततः अवरोह की ओर आता हुआ पूर्ण हुआ और उसके साथ ही उस अद्भुत पुरुष की भावसमाधि भी टूट गयी। कुछ क्षणों तक वह सोच विचार करता खड़ा रहा और फिर कुछ निश्चय कर कोठे की सीढ़ियां चढ़ने लगा।

कोठे के कारिंदों से व्यवहार के बाद कुछ क्षण उपरांत उसे गणिका के सम्मुख पहुंचा दिया गया।

पुरुष ने  गणिका पर दृष्टिपात किया।

चंपक वर्ण, तीखी नासिका, उत्फुल्ल अधर, , क्षीण कटि और जगमगाते वस्त्राभूषणों में लिपटा संतुलित गदराया हुआ शरीर।

गणिका का सौंदर्य उसके स्वरसंपदा के ही समान मनोहारी था परंतु सर्वाधिक विचित्र थी उसकी आंखें। बड़ी बड़ी आंखें जिनमें एक अबूझ गहराई थ जो उसके गणिका सुलभ चंचलता से मेल नहीं खातीं थीं। आगुंतक पुरुष भी गणिका के चेहरे पर अपलक कुछ ढूंढता, खोया सा स्तंभ के सहारे खड़ा रहा जबकि गणिका कनखियों से अपने संभावित नये ग्राहक को 'तौलती' हुई अपने प्रारम्भिक ग्राहकों को बीड़े देकर उन्हें विदा कर रही थी ।

जब अंतिम व्यक्ति भी चला गया तब  वह आगुंतक पुरुष की ओर उन्मुख हुई और अपने पेशे के अनुरूप  नजाकत भरी अदाओं के साथ आदाब पेश किया।

"ये नाचीज आपकी क्या खिदमत कर सकती है हुजूर? "

"तुम्हारा नाम क्या है?" बिना दृष्टि हटाये हुए पुरुष ने पूछा।

"रामजनी बाई"

"तुम्हारी आवाज की तरह  तुम्हारा सौंदर्य भी अद्भुत है बाई।"

गणिका इस तरह की प्रशंसा के लिये अभ्यस्त थी परंतु उसे अपलक देखे जा रहे इस अजीब पुरुष के इन स्वरों में एक अंतर वह स्पष्ट अनुभव कर रही थी। इस पुरुष की आंखों में अन्य पुरुषों के विपरीत कामुक चमक और स्वरों में कामलोलुपता युक्त दैन्यता का पूर्ण अभाव था।
गणिका प्रभावित हो उठी।

"शुक्रिया, आइये तशरीफ़ रखिये" उसने अपने ग्राहक को एक मसनद पर आमंत्रित किया।

आगुंतक अपने स्थान पर अविचल रहे।

" नहीं, मैं तो यहां नहीं बैठ सकूँगा पर क्या तुम मेरे साथ चलकर मेरे ठाकुर के लिए गा सकोगी?" आगुंतक ने गंभीर स्वर में पूछा ।

गणिका को बहुत ज्यादा आश्चर्य नहीं हुआ क्योंकि  उस समय  जमींदार या राजे रजवाड़ों के पास ऐसे कारिंदों की फौज हुआ करती थी, जो अपने मालिक के 'शौक की पूर्ति ' के लिये नित नयी वारांगनाओं को ढूंढते रहते थे और ये भी शायद ऐसा ही कोई कारिंदा होगा हालांकि आगुंतक की अतिगंभीर छवि और चेहरे का सात्विक तेज ऐसे किसी विचार का निषेध करते थे ।

"जैसा हुजूर चाहें। पर ये नाचीज हवेलियों पर मुजरा करने के लिये 100 अशर्फियाँ लेती है।" तिरछी कुटिल चितवन के साथ गणिका ने अपना शुल्क बताया।

पुरुष शुल्क सुनकर भी अप्रभावित रहा और  बिना कुछ कहे अपने अंगरखे को टटोला और अशर्फियों से भरी थैली गणिका की ओर उछाल दी ।

कुछ देर बाद मथुरा की ओर दो घोडागाड़ियाँ जा रहीं थीं । एक गाड़ी में तबलची , सारँगीवान और सितारवादक अपने साजों के साथ ठुंसे हुये थे और दूसरी गाड़ी में गणिका अपने उस असाधारण ग्राहक के साथ बैठी थी ।

"आपके ठाकुर का ठिकाना क्या है ?" वेश्या ने पूछा ।

"ब्रज" संक्षिप्त उत्तर आया ।

क्षणिक चुप्पी के बाद पुनः गणिका ने कटाक्षपूर्वक पूछा,

"और आपका नाम?" 

"कृष्णदास"

"आपके ठाकुर क्या सुनना पसंद करेंगे ?"

"कुछ भी जो ह्रदय से गाया जाये", पुरुष रहस्यपूर्ण ढंग से मुस्कुराया।

"फिर भी?", उलझी हुई गणिका ने पुनः आग्रह किया ।

"अच्छा ठीक है, तुम मेरे ठाकुर को यह सुनाना"  उन्होंने अपने मधुर गंभीर स्वर में गुनगुनाना शुरू कर दिया।

"अरे ये तो भजन है।" गणिका बोल उठी।

"हाँ, तुम्हें इसे गाने में कठिनाई तो नहीं होगी?" स्वरों को रोककर वह फिर मुस्कुराया ।

भजन ब्रज भाषा में था और बहुत सुंदर था ।

"किसने लिखा है ?"

"मैंने" उन्होंने जवाब दिया।

"ओह तो ये कविवर इस भजन को मेरे माध्यम से अपने मालिक को सुनाकर उनकी कृपा प्राप्त करना चाहते हैं ।" गणिका ने सोचा ।

ब्रज क्षेत्र में अकबर की मनसबदारी प्रथा के कारण उस समय कुकुरमुत्तों की तरह नित नये 'राजा साहबों' का उदय हो रहा था जिनमें अधिकांशतः विलासी और कामुक चरित्र के थे और इसीलिये संपूर्ण ब्रज क्षेत्र में महाप्रभु वल्लभाचार्य द्वारा जनसामान्य में बहाई भक्तिरस की धारा के साथ साथ समांतर रूप से जागीरदारों के विलास की धारा भी बह रही थी और संगीत दोनों समांतर धाराओं को जोड़ने वाली कड़ी था।

उस युग में धनाढ्य वर्ग में यद्यपि फारसी-उर्दू  का प्रचलन और शायरों की गजलों का प्रभुत्व था और गजलों की प्रतिष्ठा राजदरबारों और गणिकाओं के कोठों पर प्रसिद्धि पर निर्भर करती थी हालांकि सूरदास और तुलसीदास की रचनाएं अपवाद थीं जो जनमानस के होंठों व ह्रदय में बसी हुईं थीं और कई गणिकायें व्यक्तिगत सुख के लिये या कभी कभी अपने ग्राहकों की मांग पर भक्तिगीतों को भी गाती थीं। यह गणिका भी उसी गणिकावर्ग से थी।

पुरुष पुनः अपना भजन गुनगुनाने लगा और गणिका तन्मयता से सुनकर शब्दों, ताल, राग, आरोह अवरोह  आदि को  स्मृतिबद्ध करती रही । 

अंततः 5 घंटे बाद लगभग अर्धरात्रि से कुछ पूर्व उन्होंने मथुरा में प्रवेश किया और कुछ पलों बाद पुरुष के निर्देशानुसार एक मंदिर के सामने गाड़ियां रोक दी गयीं।

पुरुष नीचे उतरा और सभीको नीचे उतरने का निर्देश दिया। वह स्वयं मंदिर के सिंहद्वार की ओर बढ़ा और जेब से कुंजी निकालकर उसकी सहायता से कपाट खोल दिये ।

"अंदर आओ" उसने इशारा किया ।

"मंदिर में?" गणिका आश्चर्यचकित व संकुचित हो उठी ।

"अंदर आ जाओ, संकुचित होने की आवश्यकता नहीं है " पुरुष ने साधिकार आदेश दिया ।

उलझन में भरी गणिका और उसकी मंडली अंदर आ गयी।

"मैं चादरें और मसनद बिछवाता हूँ, तुम अपने साज जमा लो"

"यहां? यह एक मंदिर है । लोग क्या कहेंगे हुजूर ??" गणिका अब भयग्रस्त हो उठी ।

"कोई कुछ नहीं कह सकेगा। मेरे ठाकुर ने मुझे सारे अधिकार दे रखे हैं।" उन्होंने सबको आश्वस्त करते हुए कहा ।

"सच बताइये आप कौन हैं?"

"इस मन्दिर का मुख्य प्रबंधनकर्ता और मुख्याधिकारी कृष्णदास" उन्होंने उत्तर दिया ।

गणिका आश्वस्त तो हुई परंतु उसकी उलझन मिटी नहीं। कैसा है ये व्यक्ति जो इस पवित्र स्थान का प्रयोग अपनी महत्वाकांक्षा पूरी करनी के लिए कर रहा है और कैसा है इनका 'ठाकुर' जो इस पवित्र स्थान में मुजरा सुनने का आकांक्षी है? इसी उधेड़बुन में डूबी वह अपना श्रंगार व्यवस्थित करने एक ओर चली गयी जबकि कृष्णदास व साजिंदे दीपों को प्रज्ज्वलित कर बिछावन बिछाने लगे।

अंततः साजिंदों ने अपने साज जमा लिये  और गणिका भी अपने पूर्ण श्रंगार और मोहक रूप में प्रस्तुत थी।

"आपके ठाकुर नहीं पधारे अभी तक?" उसने अपनी मोहक मुस्कुराहट के साथ पूछा ।

"वे तो यहीं हैं "

"कहाँ?"

इस प्रश्न के उत्तर में कृष्णदास उठे, गर्भगृह की ओर बढ़े और पट खोल दिये।

वहां कान्हाजी अपने पूर्णश्रृंगार में विराजमान थे ।

"यही हैं मेरे ठाकुर"

हतप्रभ स्त्री की निगाहें कृष्ण के श्रीविग्रह  से टकराईं।
वह चित्रवत जड़ हो गई, कृष्ण छवि में खो गई, बिक गई।

जन्म जन्मांतरों  के पुण्य प्रकट हो उठे।

समय उन पलों में जैसे ठहर गया ।

"गाओ देवी, कान्हा तुम्हें सुनने का इंतजार कर रहे हैं " कृष्णदास की गंभीर वाणी गूंजी ।

गणिका के लिये जैसे समस्त संसार अदृश्य हो गया और वह बावली हो उठी। उसकी आँखों में में केवल कृष्ण की छवि थी और कर्ण गह्वरों में सिर्फ एक ध्वनि ..

"कान्हा तुम्हें सुनने का इंतजार कर रहे हैं "

उसकी आंखें भर आईं और आत्मा की गहराइयों से मधुर तान फूट निकली।

साजिंदों ने स्वर छेड़ दिये।

कृष्णदास के सिखाये भजन के स्वर गूंज उठे।

"मो मन गिरिधर छबि पै अटक्यो।"

स्त्री उन शब्दों में जैसेबडूब गई। वह बार बार उन्हीं पंक्तियों को दुहरा रही थी।

"मो मन गिरिधर छबि पै अटक्यो।"

संगीत की ध्वनि, भावविभोर स्वर .. लोगों की निद्रा टूट गयी और वे आश्चर्यचकित मंदिर में आने लगे।

दृश्य अवांक्षित परन्तु अपूर्व था।

जनवृन्द का सात्विक रोष गणिका के भावसमुद्र में उतराते शब्दों के साथ बह गया।

गणिका ने भजन की अगली पंक्तियाँ उठाईं।

"ललित त्रिभंग चाल पै चलि कै"

"ललित त्रिभंग चाल पै चलि कै
चिबुक चारु गडि ठठक्यो"

मो मन गिरिधर छबि पै अटक्यो।
मो मन गिरिधर छबि पै अटक्यो।।

समस्त जन उन क्षणों में, उन भावभरे शब्दों में जैसे कृष्ण  का साक्षात दर्शन कर रहे थे। गणिका आगे बढ़ी--

"सजल स्याम घन बरन लीन ह्वै,

"सजल स्याम घन बरन लीन ह्वै

फिर चित अनत न भटक्यो।"

लोगों की आंसुओं की धारायें बह उठी।  समस्त जनवृन्द  गा उठा, एक बार, दो बार,  बार बार ...

"....फिर चित अनत न भटक्यो ....
..….फिर चित अनत न भटक्यो...
.....फिर चित अनत न भटक्यो

गणिका अपने ही भावसंसार में थी। भावों की चरमावस्था में उसकी आंखें कृष्ण की आंखों से जा मिलीं।

गणिका ने और गाना चाहा पर उसके होंठ कुछ थरथराकर शांत हो गये और आंखें कृष्ण की आंखों में अटक गयीं। कृष्ण की आंखों में उसे आमंत्रण दिखाई दे रहा था, उसकी आत्मा विकल हो उठी और अपने स्थान पर बैठे ही बैठे  उसने अपनी भुजा कातर मुद्रा में कृष्ण की ओर फैला दी।

उसने कान्हाजी के चेहरे पर मुस्कुराहट देखी और वह पूर्ण हो उठी। डबडबाई आंखों से अंततः अश्रुओं की दो धाराएं बह निकलीं और अगले ही क्षण वह भूमि पर निश्चेष्ट होकर गिर गई ।

भीड़ शांत स्तब्ध हो गई । इस गहन स्तब्धता को कृष्णदास की पगध्वनि ने भंग किया। उन्होंने रामजनी की निश्चल देह को भुजाओं में उठाया और कान्हा के श्रीविग्रह की ओर बढ़ चले ।

मृत देह कृष्ण चरणों में अर्पित हुई ।

जीवनपुष्प कृष्णार्पित हुआ ।

जीवन, निर्माल्य बनकर कृतार्थ हुआ ।

.....और डबडबाई आंखों से कृष्णदास ने अपने अधूरे भजन की पंक्तियाँ पूर्ण कीं --

'#कृष्णदास_किए_प्रान_निछावर,
#यह_तन_जग_सिर_पटक्यो।।
(बनारस, 2 सितंबर 2018, रविवार)
http://chitravansh.blogspot.com

गुरुवार, 30 अगस्त 2018

व्योमवार्ता/ खोईंचा, परंपरा की विरासत व सीख : व्योमेश चित्रवंश की डायरी

व्योमवार्ता/ खोईंचा, परंपरा की विरासत व सीख : व्योमेश चित्रवंश की डायरी, 29अगस्त 2018
           आज सोशल मीडिया पर पूर्वी उत्तर प्रदेश की परम्परा मे विदाई के समय दिये जाने वाले खोईचा पर किसी महिला का लेख पढ़ा.  इस गौरवशाली परम्परा व विरासत को अपनी डायरी मे दर्ज कर रहा हूँ.
जब भी माँ नानी के घर जाती, आने-जाने की तारीख लगभग तय ही रहती थी । यूँ कहें तो मम्मी जानती थी कि अमुक दिन, तय समय पर नानी की देहरी छोड़नी ही है। फिर भी जब आने के समय नानी जब उन्हें पूजा घर में ले जा कर, सूप में रखी चीजों को सीधा उनके आँचल में गिराती (खोइचा), तो जैसे-जैसे चावल के दाने गिरते, दोनों की आँखों से आँसू भी बह निकलते थे।

मुझे लगता कि क्यों रोती है माँ? क्या इन्हें हमारे साथ आना अच्छा नहीं लगता ! या हमसे ज्यादा कहीं ये नाना-नानी से तो प्यार नहीं करती? ईर्ष्या और दुःख दोनों साथ-साथ ही मेरे मन के अन्दर घर करते, और फिर उत्पत्ति होती इस दम्भ की, कि मैं तो नहीं रोऊँगी, जब मैं ससुराल जाऊँगी। शायद यही पहला छाप था मेरे बालमन में खोइचा और ससुराल का।

खोइचा अगर चन्द शब्दों में कहा जाये तो – चावल या जीरे के चन्द दाने, हल्दी की पाँच गाँठ, दूब की कुछ पत्तियाँ और पैसे या चाँदी की मछली या सिक्के। लेकिन भावनाओं में इसका आकलन करना थोड़ा नहीं बल्कि बहुत मुश्किल है। इसमें होता था, माँ का दिया सम्बल, पिता का मान, भाई-बहनों का प्यार और परिवार का सम्मान। खोइचा हमेशा बाँस के सूप से ही दिया जाता है, जो वंश वृद्धि का द्योतक है।

हल्दी के पाँच गाँठ। वैसे तो हल्दी खुद में ही शुद्ध है, जिसे जीवन ऊर्जा देने वाले सूर्य का प्रमाण माना जाता है, परन्तु पाँच गाँठ इसलिए ताकि वो जीवन ऊर्जा हमेशा सकरात्मक हो, नकरात्मक नहीं और गाँठों की तरह ही ये पूरे परिवार को एक साथ बांधे रहे।

हरा दूब - परिवार को सजीवता देने के लिए।

चाँदी की मछली या सिक्के - लक्ष्मी की तरह ससुराल की बरकत बनाये रखने के लिए।

बचपन में जब माँ - चाचियाँ मायके से और बुआ ससुराल से आती तो हमारा ध्यान उनके साथ आये बायने से इतर, उनके आँचल में बंधे खोइचे पर ही होता। जितना बड़ा उनका खोइचा, उतनी ही कुचालें भरता हमारा दिल। हमें तो इतनी जल्दी होती थी कि लगता भले मिलना - मिलाना बाद में हो, पर पहले वो देवता घर में जा कर खोइचा खोलें, फिर अम्मा उसे निहोरने के बाद हमें सुपुर्द कर दे। आखिर उस पर हम छोटों का ही तो हक़ होता था।

पहले पैसे गिने जाते, फिर खोइचा में मिले चावल या जीरे को ले कर पंसेरी के तरफ दौड़ लगाते । उसे बदल कर हम ढेर सारी पसन्दीदा चीजें एक साथ लेते जो जाने कितने पॉकेट मनी बचाने के बाद सम्भव होता । जैसे की दालमोठ, ईलायची दाना, लेमन चूस, गरी के गोले, बताशे इत्यादि।

पर जैसे-जैसे हम शहरों में आये हमारी बुआ, माँ - चाचियों का खोइचा छोटा होता गया। शहरों में पंसेरी नहीं होते थे। जेनरल स्टोर वाले बदली नहीं करते और उनका उपयोग किचन में नहीं हो सकता था। फिर जीन्स वाली भाभियों और दीदियों के साथ ये खोइचा भी आँचल से सरक के पर्स में आ गया।

जाने कितने ही खोइचों के हमने मलाई और चाट पकोड़े खाये, लेकिन असल मायने में खोइचा का अर्थ तो तब समझ में आया, जब द्विरागमन में मुझे खोइचा मिला।

माँ मेरे आँचल में खोइचा भर रही थी, और दानों के साथ मेरे अन्दर का न रोने वाला दम्भ भी आँखों के रास्ते आँसू बन कर पिघल रहा था।

खोइचा में से जब पाँच चुटकी वापस सूप में रखा तो लगा, विवाहोपरान्त भी मायके से अलग नहीं हुई हूँ। कुछ अंश अभी भी है मेरा और मन कह रहा था कि ये फुलवारी ऐसे ही बनी रहे, भले ही मैं किसी और की क्यारी की शोभा बनूँ।

विदाई के बाद रास्ते में जब भी डर लगता, नये घर, नये लोग, नया परिवार, आँचल में बंधा खोइचा, वैसा ही सान्त्वना देता जैसे कि माँ।

खोइचा हमारे पूर्वांचल में पहले सिर्फ़ मायके से ससुराल जाने के वक़्त, माँ या भाभी से मिलता था। इसके पीछे मान्यता ये थी कि माँ अपनी पुत्री को धन्य-धान्य से भर कर, माँ लक्ष्मी और अन्नपूर्णा के रूप में ससुराल भेजती है।

लेकिन फैशन के दौड़ में खोइचा भी अछूता नहीं रहा। इसे भी लोगों ने दिखावे के लिए इस्तेमाल कर लिया। अब तो ससुराल में खोइचा दुल्हन के मायके का स्टेटस बयाँ करता है। भले दुल्हन का गुण रूप कोई न देखे, लेकिन खोइचा सबसे पहले देखा जाता है।

जिस मायका ने उसे लक्ष्मी-अन्नपूर्णा बना कर भेजा, उसे ही तौलना शुरू हो जाता है। फिर ससुराल से मायके जाते वक़्त उसे बढ़ चढ़ कर दी जाती है और एक अबोले प्रतियोगिता की शुरूआत हो जाती है।

कहीं-कहीं तो ये रिवाज़ ही अब अन्तिम साँसें ले रहा है । क्योंकि हमारे ब्राण्डेड पर्स (मेकअप, मोबाइल और वॉलेट से भरे) में भी इसके लिए कोई जगह नहीं बची है और ये रिवाज भी अब ओल्ड फैशन हो गया है।

पर आपको बता दें कि हमारे यहाँ तो देवियों को भी बेटी का ही रूप माना जाता है। पूजा के बाद विसर्जन से पहले सभी सुहागिनें उन्हें खोइचा देकर विदा करती हैं।

अब तो बस इतनी सी आशा है कि हमारा खोइचा, उतना ही पावन और सुसंस्कृत रहे । दोनों ही घर (ससुराल एवं मायका), वैसे ही महकते और लहलहाते रहें। भले ही ओल्ड फैशन हो चुका हो, पर खोइचे की परिपाटी बनी रहे .....
(बनारस, 29अगस्त 2018, बुधवार)
http://chitravansh.blogspot.com

सोमवार, 27 अगस्त 2018

व्योमवार्ता/छात्र जीवन की दोस्ती :व्योमेश चित्रवंश की डायरी

व्योमवार्ता / छात्र जीवन की दोस्ती : व्योमेश चित्रवंश की डायरी, 27अगस्त 2018

वो भी क्या दिन थे.
बीएचयू के पेड़ो तले अनायास ही ,
साइकिल खड़ी कर ढेरो अनायास बातें,
वीटी के समोसे पर नमक जीरा वाला मसाला,
गुपुत नाथ की दुकान पर झटका दे,
चार चाय के पैसे मे छ: चाय,
स्कालरशिप के पैसे से
एट्टीज के डोसे व काफी,
लंका पर काशी के यहॉ कट वाली चाय,
नई चीजे खरीदने पर बाबा जी की कोल्ड काफी,
एग्रो मे छोला भठूरा,
बिड़ला के सामने धूंये से काले हो चुके
दोनो भाईयों की ताजी, भुनी मूंगफलियॉ,
हेल्थ की बातें चलने पर दो चार दिन
अस्सी पर  पहलवान का फेंटेदार दूध,
और अस्सी घाट की सीढ़ीयो व चौतरे पर,
चना जोर गरम वाला भूजा.
अस्सी तिराहे पर चचियवा की मीठी गाली
साथ मे चटक मिक्स रसेदार तरकारी
और करारी कचौड़ियॉ,
मंगल, शनिचर को बिना भक्ति के भी
ऑख सेकने के लिये नियमित संकटमोचन,
बिना किसी रिश्ते के सर सुन्दर लाल मे
मरीजों के लिये सहायक बनना
ईमानदारी से चीजो का बंटवारा
अमेरिकन स्टाईल मे सिनेमा देखना.
किसी एक का काम होने पर
पूरे ग्रुप का सेन्ट्रल आफिस जाना,
एक दूसरे से होड़ मे देर देर तक
सेन्ट्रल लाईब्रेरी बैठ कर पढ़ना.
पैसे कम थे पर प्यार ज्यादा,
सारी बाते याद आती है, 
तब समय था पर पैसे नही,
ईच्छायें थी पर साधन नहीं,
अब सब बिखर गये हैं,
अपनी अपनी दुनिया मे,
सभी व्यस्त है,
जीवन की अपनी आपाधापी मे,
अब चाह कर भी नही हो पाती
वे सारी बातें, मस्ती, और मजे,
अब पैसा है पर समय नही है. 
परीक्षा नही है पर ढेरो टेन्सन है.
फिर भी फेसबुक व्हाट्सऐप्प पर ही सही
हम एक दूसरे को याद तो कर लेते है.
चलो मोबाईल, इण्टरनेट,
मेट्रो व बुलट के जमाने मे,
तेजी से बढ़ती जिन्दगी मे
एक दूसरे से कितने दूर हो गये है हम.
फिर भी एक दूजे के दिलो मे
बसेे है ढेर सारे प्यार,
अहसास व यादों के साथ.
क्या ये ही कम है.
दोस्ती जिन्दाबाद...
(बनारस, 27 अगस्त 2018, सोमवार)
http://chitravansh.blogspot.com

शुक्रवार, 24 अगस्त 2018

व्योमवार्ता /समाजवाद की नई परिभाषा को समझती आज की जनता

व्योमवार्ता /समाजवाद की नई परिभाषा को समझती आज की जनता : व्योमेश चित्रवंश की डायरी, 20 अगस्त 2018

              एक स्थानीय कॉलेज में अर्थशास्त्र के एक प्रोफेसर ने अपने एक बयान में कहा – “उसने पहले कभी किसी छात्र को फेल नहीं किया, पर हाल ही में उसने एक पूरी की पूरी क्लास को फेल कर दिया है l”
क्योंकि उस क्लास ने दृढ़ता पूर्वक यह कहा था कि “समाजवाद सफल होगा और न कोई गरीब होगा और न कोई धनी होगा” सबको सामान करने वाला एक महान सिद्धांत !
तब प्रोफेसर ने कहा – अच्छा ठीक है ! आओ हम क्लास में समाजवाद के अनुरूप एक प्रयोग करते हैं  “सफलता पाने वाले सभी छात्रों के विभिन्न ग्रेड का औसत निकाला जाएगा और सबको वही एक ग्रेड दी जायेगी ”
पहली परीक्षा के बाद, सभी ग्रेडों का औसत निकाला गया और प्रत्येक छात्र को B ग्रेड प्राप्त हुआl
जिन छात्रों ने कठिन परिश्रम किया था वे परेशान हो गए और जिन्होनें कम ही पढ़ाई की थी वे खुश हुए l
दूसरी परीक्षा के लिए कम पढ़ने वाले छात्रों ने पहले से भी और कम पढ़ाई की और जिहोनें कठिन परिश्रम किया था उन्होंने यह तय किया कि वे भी मुफ्त की ग्रेड प्राप्त करेंगे और उन्होंने भी कम पढ़ाई की l
दूसरी परीक्षा की ग्रेड D थी l
इसलिए कोई खुश नहीं था l
जब तीसरी परीक्षा हुई तो ग्रेड F हो गई l
जैसे-जैसे परीक्षाएँ आगे बढ़ने लगीं स्कोर कभी ऊपर नहीं उठा, बल्कि आपसी कलह, आरोप-प्रत्यारोप, गाली-गलौज और एक-दूसरे से नाराजगी के परिणाम स्वरूप कोई भी नहीं पढ़ता था क्योंकि कोई भी छात्र अंपने परिश्रम से दूसरे को लाभ नहीं पहुंचाना चाहता था l अंत में सभी आश्चर्यजनक रूप से फेल हो गए और प्रोफेसर ने उन्हें बताया कि इसी तरह “समाजवाद” भी अंततोगत्वा फेल हो जाएगा क्योंकि ईनाम जब बहुत बड़ा होता है तो सफल होने के लिए किया जाने वाला उद्यम भी बहुत बड़ा होगा l परन्तु जब सरकार सारे अवार्ड छीन लेगी तो कोई भी न तो सफल होना चाहेगा और न ही सफल होने की कोशिश करेगा l
निम्नलिखित पाँच सर्वश्रेष्ठ उक्तियाँ इस प्रयोग पर लागू होती हैं l
1. आप समृद्ध व्यक्ति को उसकी समृद्धि से बेदखल करके गरीब को समृद्ध बनाने का क़ानून नहीं बना सकते l
2. जो व्यक्ति बिना कार्य किए कुछ प्राप्त करता है, अवश्य ही परिश्रम करने वाले किसी अन्य व्यक्ति के ईनाम को छीन कर उसे दिया जाता है l
3. सरकार तब तक किसी को कोई वस्तु नहीं दे सकती जब तक वह उस वस्तु को किसी अन्य से छीन न ले l
4. आप सम्पदा को बाँट कर उसकी वृद्धि नहीं कर सकते l
5. जब किसी राष्ट्र की आधी आबादी यह समझ लेती है कि उसे कोई काम नहीं करना है, क्योंकि बाकी आधी आबादी उसकी देख-भाल जो कर रही है और बाकी आधी आबादी यह सोच कर कुछ अच्छा कार्य नहीं कर रही कि उसके कर्म का फल किसी दूसरे को मिल रहा है – तो वहीँ उस राष्ट्र के अंत की शुरुआत हो जाती है।
(बनारस, 20अगस्त 2018, सोमवार)
http://chitravansh.blogspot.com

मंगलवार, 21 अगस्त 2018

व्योमवार्ता/ जीवन के अर्द्घवृत्त पर...... : व्योमेश चित्रवंश की डायरी, 9मई 2018, सोमवार

जीवन में अर्द्धवृत्त पर
खड़ा पुरूष ,कैसा होता है
थोड़ी सी सफेदी कनपटियों के  पास,
खुल रहा हो जैसे आसमां बारिश के बाद,
जिम्मेदारियों के बोझ से झुकते हुए कंधे,
जिंदगी की भट्टी में खुद को गलाता हुआ,
अनुभव की पूंजी हाथ में लिए,
परिवार को वो सब देने की जद्दोजहद में,
जो उसे नहीं मिल पाया था,
बस बहे जा रहा है समय की धारा में,
बीवी और प्यारे से बच्चों में
पूरा दिन दुनिया से लड़ कर थका हारा,
रात को घर आता है, सुकून की तलाश में,
लेकिन क्या मिल पाता है सुकून उसे ?
दरवाजे पर ही तैयार हैं बच्चे,
पापा से ये मंगाया था, वो मंगाया था,
नहीं लाए तो क्यों नहीं लाए,
लाए तो ये क्यों लाए वो क्यों नहीं लाए,
अब वो क्या कहे बच्चों से,
कि जेब में पैसे थोड़े कम थे,
कभी प्यार से, कभी डांट कर,
समझा देता है उनको,
एक बूंद आंसू की जमी रह जाती है
आँख के कोने में,
लेकिन दिखती नहीं बच्चों को,
उस दिन दिखेगी उन्हें,
जब वो खुद, बन जाएंगे माँ बाप
अपने बच्चों के,
खाने की थाली में दो रोटी के साथ,
परोस दी हैं पत्नी ने दस चिंताएं,
कभी, यह कह कर
तुम्हीं नें बच्चों को सर चढ़ा रखा है,
कुछ कहते ही नहीं,
कभी, शिकायती स्वर
हर वक्त डांटते ही रहते हो बच्चों को,
कभी प्यार से बात भी कर लिया करो,
कभी, उलाहना
लड़की सयानी हो रही है,
तुम्हें तो कुछ दिखाई ही नहीं देता,
तो कभी जिम्मेदारी का एहसास,
लड़का हाथ से निकला जा रहा है,
तुम्हें तो कोई फिक्र ही नहीं है,
पड़ोसियों के झगड़े, मुहल्ले की बातें,
शिकवे शिकायतें दुनिया भर की,
सबको पानी के घूंट के साथ,
गले के नीचे उतार लेता है,
जिसने एक बार हलाहल पान किया,
वो सदियों नीलकंठ बन पूजा गया,
यहाँ रोज़ थोड़ा थोड़ा विष पीना पड़ता है,
जिंदा रहने की चाह में,
फिर लेटते ही बिस्तर पर,
मर जाता है एक रात के लिए,
क्योंकि,
क्योंकि उसे
सुबह फिर जिंदा होना है,
काम पर जाना है,
कमा कर लाना है,
ताकि घर चल सके,
....ताकि घर चल सके
.....ताकि घर चल सके।।।।
(बनारस, 9मई 2018, बुधवार)
http://chitravansh.blogspot.com

शुक्रवार, 17 अगस्त 2018

व्योमवार्ता/ यह RIP RIP रिप रिप क्या है,

व्योमवार्ता/ यह RIP RIP रिप रिप क्या है?: व्योमेश चित्रवंश की डायरी, 17 अगस्त 2018, शुक्रवार

            हमनें अक्सर देखा है कि किसी के भी मृत्यु की खबर जैसे ही आती है तो अधिकतर लोग RIP लिखकर भेजने लगते हैं ।आजकल सोशल मीडिया पर RIP का प्रयोग तो अच्छे अच्छे पढ़े लिखे लोग भी बिना इसके सही अर्थ को जाने बिना सही भाव को समझे करते हैं। एक दूसरे को देख के RIP लिखने कहने की होड़ लग जाती है लाइन लग जाती है।

आखिरकार ये *"RIP"* है क्या ?
आजकल देखने में आया है कि किसी मृतात्मा के प्रति RIP लिखने का *"फैशन"* सा चल पड़ा है। ऐसा इसलिए हुआ है, क्योंकि कान्वेंटी दुष्प्रचार तथा विदेशियों की नकल के कारण हमारे युवाओं को धर्म की मूल अवधारणाएँ या तो पता ही नहीं हैं, अथवा विकृत हो चुकी हैं।

RIP शब्द का अर्थ होता है *"Rest in Peace" (शान्ति से आराम करो )* यह शब्द उनके लिए उपयोग किया जाता है जिन्हें कब्र में दफनाया गया हो। क्योंकि ईसाई अथवा मुस्लिम मान्यताओं के अनुसार जब कभी *"जजमेंट डे"* अथवा *"क़यामत का दिन"* आएगा उस दिन कब्र में पड़े ये सभी मुर्दे पुनर्जीवित हो जाएँगे। अतः उनके लिए कहा गया है, कि उस क़यामत के दिन के इंतज़ार में *"शान्ति से आराम करो"।*

लेकिन सनातन धर्म की मान्यताओं के अनुसार शरीर नश्वर है, आत्मा अमर है इसलिये हिन्दू शरीर को जला दिया जाता है, अतः उसके *"Rest in Peace"* का सवाल ही नहीं उठता। सनातन धर्म के अनुसार मनुष्य की मृत्यु होते ही आत्मा निकलकर किसी दूसरे नए जीव/ काया/ शरीर/ नवजात में प्रवेश कर जाती है। उस आत्मा को अगली यात्रा हेतु गति प्रदान करने के लिए ही श्राद्धकर्म की परंपरा निर्वहन एवं शान्तिपाठ आयोजित किए जाते हैं।

अतः किसी हिन्दू मृतात्मा हेतु *"विनम्र श्रद्धांजलि", "श्रद्धांजलि", "आत्मा को सदगति प्रदान करें"* जैसे वाक्य विन्यास लिखे जाने चाहिए। जबकि किसी मुस्लिम अथवा ईसाई मित्र के परिजनों की मृत्यु उपरांत उनके लिए *"RIP"* लिखा जा सकता है।

होता भी यह है कि श्रद्धांजलि देते समय भी हम शॉर्टकट (?) अपनाने की आदत से हममें से कई मित्र हिन्दू मृत्यु पर भी *"RIP"* ठोंक आते हैं। यह विशुद्ध *"अज्ञान और जल्दबाजी"* है, इसके अलावा कुछ नहीं।

          अतः आप सभी कोशिश करें कि भविष्य में यह गलती ना हो एवं हम लोग *"दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि"* प्रदान करें ना कि उसे "RIP" लिखें.
निवेदन है कि अगली बार लिखने से पहले विचारें.
(बनारस, 17 अगस्त 2018, शुक्रवार)
http://chitravansh.blogspot.com