मंगलवार, 17 नवंबर 2026

व्योमवार्ता/ मजारों में दफन सल्तनत, अदब, सुरों की साझी रवायत: दरगाह-ए-फातमान...

                         व्योमवार्ता/ मजारों में दफन सल्तनत, अदब, सुरों की साझी रवायत: दरगाह-ए-फातमान....
                                                                                                                              *व्योमेश चित्रवंश

                              जब हम बनारस की बात करते हैं, तो अमूमन दशाश्वमेध घाट की भव्य गंगा आरती, बाबा विश्वनाथ के स्वर्णिम शिखर, संकट मोचन के श्लोक, कबीरचौरा की साखियाँ और सारनाथ का शांत बौद्ध स्तूप जेहन में कौंध जाते हैं। लेकिन इस शहर की रूह में एक और रवायत रची-बसी है, जो उतनी ही गहरी, उतनी ही पुरसुकून और उतनी ही ऐतिहासिक है। काशी, वाराणसी या बनारस—यह महज एक भौगोलिक भूभाग या ईंट-पत्थरों से निर्मित एक पुरवा नहीं, बल्कि भारतीय उपमहाद्वीप की सांस्कृतिक चेतना का एक अनंत, अक्षुण्ण महासागर है।
बनारस के सिगरा-लल्लापुरा क्षेत्र की घनी आबादी के बीच स्थित दरगाह-ए-फातमान (जिसे रौजा-ए-फातमान भी कहा जाता है) एक ऐसा ही मुकद्दस मुकाम है। यह केवल शिया मुस्लिम समुदाय की अकीदत (आस्था) का सबसे बड़ा केंद्र भर नहीं है, बल्कि यह काशी की उस 'गंगा-जमुनी तहजीब' का एक जीवंत दस्तावेज है, जिसने सदियों से विभिन्न मतों और मजहबों को सह-अस्तित्व की डोर में पिरोए रखा है। फातमान परिसर मध्यकालीन फारसी और उत्तर-मुगलकालीन वास्तुकला का एक अद्भुत स्थापत्य मिश्रण है। यह एक साथ एक दरगाह, एक ऐतिहासिक इमामबाड़ा, एक कर्बला और देश की महानतम कला, अदब व राजनीतिक विभूतियों की अंतिम विश्राम स्थली है। यहाँ आकर इतिहास ठहर जाता है, सल्तनत की अकड़ शांत हो जाती है, अदब को एक नया ठिकाना मिलता है और सुर अपनी अंतिम तान में विलीन होकर अनंत मौन ओढ़ लेते हैं।
'फातमान' शब्द का सीधा संबंध इस्लाम के पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की अत्यंत प्रिय सुपुत्री शहजादी बीबी फातिमा ज़हरा (अ.स.) से है। शिया और सूफी परंपराओं में बीबी फातिमा को स्त्रीत्व, पवित्रता, त्याग, सहिष्णुता और न्याय की सर्वोच्च प्रतिमूर्ति माना जाता है। वे इस्लाम के चौथे खलीफा और शिया समुदाय के पहले इमाम हजरत अली (अ.स.) की पत्नी तथा कर्बला के महान शहीद इमाम हुसैन (अ.स.) की मां थीं। इस्लामिक जगत में, विशेषकर शिया परंपरा में, बीबी फातिमा की पवित्र स्मृति या उनके प्रति सम्मान में बनाए गए रौजों, प्रतीकात्मक मजारों, अजाखानों या इमामबाड़ों को 'फातमान' के संदर्भ से जोड़ा जाता है। चूंकि मदीना में स्थित बीबी फातिमा की मूल मजार (जन्नतुल बकी) को ऐतिहासिक काल में ध्वस्त कर दिया गया था, इसलिए दुनिया भर के शिया मुसलमान अपनी स्थानीय कर्बला और पवित्र परिसरों में प्रतीकात्मक रूप से 'फातमान' का निर्माण कर उनके प्रति अपनी गहरी आस्था प्रकट करते हैं। बनारस का यह स्थल शिया समुदाय के लिए प्रतीकात्मक रूप से मदीना की पवित्रता और कर्बला के आध्यात्मिक शोक का एक अनूठा संगम प्रस्तुत करता है।
बनारस के दरगाह ए फातमान का इतिहास की शुरूआत सन 1734-35 ईसवी से मानी जाती है। दरगाह-ए-फातमान का इतिहास जितना भव्य है, इसके निर्माता का जीवन चरित्र उतना ही विस्मयकारी और प्रेरणादायक है। इस ऐतिहासिक धरोहर के निर्माता कोई राजा, नवाब या सैन्य विजेता नहीं थे, बल्कि ईरान से भारत आए एक महान फारसी कवि, दार्शनिक, इतिहासकार और इस्लामिक विद्वान शेख मोहम्मद अली 'हजीं' गिलानी (1692-1766) थे। शेख अली हजीं का जन्म ईरान के प्रसिद्ध और समृद्ध क्षेत्र गिलान में हुआ था। वे अपने समय के प्रकांड विद्वान और फारसी के बेजोड़ शायर थे। 1730 के दशक में जब नादिर शाह के आक्रमणों और आंतरिक युद्धों ने ईरान को दहला दिया, तो शेख अली हजीं ने शांति की तलाश में भारत का रुख किया। वे सन 1734 के आसपास दिल्ली पहुंचे। दिल्ली और तत्पक्ष्य बंगाल में कुछ समय बिताने के बाद, उन्हें वहां का दरबारी माहौल और राजनीतिक षड्यंत्र रास नहीं आए। वे एक ऐसी जगह की तलाश में थे जहाँ अध्यात्म, दर्शन और शांति का वास हो। उनकी यह तलाश सन 1750 में बनारस आकर समाप्त हुई। बनारस की धरती ने इस सूफी मिजाज फारसी विद्वान का स्वागत दोनों हाथ खोलकर किया। बनारस के तत्कालीन महाराजा चेत सिंह ने शेख अली हजीं की विद्वता, बेबाकी और फकीराना अंदाज से प्रभावित होकर उनके प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया। महाराजा ने उनके रहने और इबादत के लिए लल्लापुरा क्षेत्र में एक विशाल भूखंड (जमीन) उपहार में भेंट कर दिया। शेख अली हजीं को बनारस और यहाँ के लोगों से इतना प्रेम हो गया कि जब ईरान की सफवी हुकूमत के पतन के बाद वहां की नई सरकार ने उन्हें ससम्मान वापस बुलाने के लिए एक आधिकारिक पत्र भेजा, तो उन्होंने अपने वतन लौटने से साफ इंकार कर दिया। उन्होंने उस खत के जवाब में फारसी की एक बेहद खूबसूरत और ऐतिहासिक आयत (पंक्ति) लिखी, जो आज भी बनारस के सामाजिक सद्भाव, सर्वधर्म समभाव और गंगा-जमुनी तहजीब का सबसे बड़ा ऐतिहासिक नारा है:
"आ बनारस ना रवम, मा बदे आम इजा अस्त,
हर ब्राम्हण पिसरे लक्ष्मणों राम ईजा अस्त।"
अर्थ: "मैं बनारस छोड़कर अब कहीं नहीं जाऊंगा, क्योंकि यह सामूहिक इबादत की खास जगह है और यहां खुदा की बंदगी आम है। मुझे तो बनारस के हर ब्राह्मण के बेटे में राम और लक्ष्मण की पावन छवि नजर आती है।"
             अठारहवीं सदी के मध्य के इस दौर में जब भारत राजनीतिक उथल-पुथल से गुजर रहा था, मुगलों की केंद्रीय सत्ता कमजोर हो रही थी और दिल्ली से लेकर अवध तक अशांति का माहौल था, तब बनारस विद्या, कला, व्यापार और शांति के एक सुरक्षित द्वीप के रूप में उभर रहा था। उस दौर में बनारस में शिया समुदाय की एक बड़ी आबादी बुनकरों, रेशम व्यापारियों, हकीमों और फारसी विद्वानों के रूप में बस रही थी। इस बढ़ते समुदाय को अपने धार्मिक क्रियाकलापों, विशेषकर मोहर्रम के दिनों में इमाम हुसैन की शहादत का गम मनाने (अजादारी), मजलिसों के आयोजन और अपने दिवंगतों को सम्मानजनक व धार्मिक रीति-रिवाजों से सुपुर्द-ए-खाक करने के लिए एक मुकद्दस व केंद्रीय स्थान की तीव्र आवश्यकता थी। इसी सामाजिक और आध्यात्मिक जरूरत को पूरा करने के लिए यहां के शिया समुदाय ने शेख मोहम्मद अली हजीं गिलानी से पहल करने का अनुरोध किया। तब महाराजा चेतसिंह से मिली खुद के रहने के लिये उपहार में मिली इसी भूमि पर शेख अली हजीं ने इस विशाल परिसर की नींव रखी गई, जो कालांतर में बनारस के शिया समुदाय की सामाजिक और धार्मिक पहचान का मुख्य आधार स्तंभ बन गया। परिसर मे मस्जिदों, एक इमामबाड़े और स्वयं के मकबरे (रौजे) का निर्माण करवाया, जिसे आज हम 'दरगाह फातमान' के नाम से जानते हैं। परिसर के भीतर पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग मजलिस स्थल (मर्दाना और जनाना इमामबाड़ा) बने हुए हैं। मोहर्रम के दौरान इन इमामबाड़ों को काले परदों, अलम (धार्मिक ध्वज) और कांच के प्राचीन झाड़-फानूसों व शमादानों से सजाया जाता है, जो गम के माहौल को एक अलौकिक, ऐतिहासिक और गंभीर गरिमा प्रदान करते हैं। वर्ष 1766 में जब मोहम्मद अली 'हजीं' गिलानी का देहांत हुआ, तो उन्हें उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार इसी परिसर के केंद्र में दफन किया गया। शेख अली हजीं के मूल मकबरे की बनावट में शुद्ध ईरानी (फारसी) वास्तुकला शैली का प्रभाव साफ देखा जा सकता है। इसके मेहराब और गुंबद भारत की पारंपरिक गोल मुगल वास्तुकला से भिन्न, थोड़े नुकीले और अष्टकोणीय आधार पर बने हैं, जो शिया धार्मिक कला और सफवी स्थापत्य शैली का प्रतिनिधित्व करते हैं।
फातमान कब्रिस्तान केवल एक दफनगाह नहीं, बल्कि हिंदुस्तान के इतिहास, साहित्य, कला और राजनीति के दिग्गजों की एक साझी आरामगाह है जहाँ अदब, सल्तनत और सुर एक साथ सोते हैं। इस परिसर की मिट्टी में इतिहास के ऐसे-अनोखे पन्ने दफन हैं, जो हमें विस्मय में डाल देते हैं।
इसी परिसर में अवध की शान उमराव जान का मकबरा है। मिर्जा हादी रुसवा के मशहूर उपन्यास और फिल्मों की मुख्य किरदार उमराव जान (असल नाम: अमीरन) को लेकर लंबे समय तक साहित्यिक जगत में यह रहस्य बना रहा कि उनका अंतिम समय कहाँ और किस हाल में बीता। कइयों का मानना था कि वे लखनऊ या कानपुर में गुमनाम हो गईं। लेकिन आधुनिक शोधकर्ताओं और बनारस के स्थानीय इतिहासकारों (विशेषकर 'डर्बीशायर क्लब') के अथक प्रयासों से यह अकाट्य रूप से प्रमाणित हुआ कि उमराव जान ने अपने जीवन का अंतिम और सबसे शांत पड़ाव काशी के प्रसिद्ध दालमंडी (गोविंदपुरा) क्षेत्र में गुजारा था। उन्होंने अपनी महफिलों की तल्खी और दुनिया भर के झंझावातों को पीछे छोड़कर बनारस में एक नमाजी, फकीराना और सूफियाना जिंदगी अख्तियार कर ली थी। 26 दिसंबर 1937 को जब इस अजीम फनकार और शायरा का इंतकाल हुआ और उन्हें फातमान परिसर में काली गुंबद वाली मस्जिद के पास सुपुर्द-ए-खाक किया गया। वर्षों तक गुमनामी और घास-फूस के बीच दबी रहने के बाद, कुछ वर्ष पहले स्थानीय प्रशासन, शिया समुदाय और कला प्रेमियों के सहयोग से इस कच्ची कब्र को एक पक्के खूबसूरत मकबरे का रूप दिया गया। उमराव जान की मजार पर लगे शिलालेख पर इंसानी जिंदगी के फलसफे और दुनिया को छोड़ जन्नत का मुकाम पाने को लेकर यह शेर उकेरा गया है, जो आज भी पाठकों को भावुक कर देता है: "कितने आराम से है कब्र में सोने वाले,कभी दुनिया में था, 'फिरदौस' में अब है मस्कान।" यहाँ फिरदौस का अर्थ 'स्वर्ग/जन्नत' है और मस्कान का अर्थ 'स्थायी ठिकाना' है। इसके साथ ही पट्टिका पर 'उमराव जान बेगम लखनवी, वाराणसी' और उनकी वफात की तारीख साफ अक्षरों में उत्कीर्ण है।
दरगाह-ए-फातमान परिसर के ठीक पीछे का हिस्सा एक भूली-बिसरी मुगल विरासत को समेटे हुए है जो मुगलिया सल्तनत के आखिरी दीये की निशानी माना जाता है। यहाँ अंतिम दौर के शक्तिशाली मुगल सम्राट शाह आलम द्वितीय के बड़े बेटे और मुगल साम्राज्य के घोषित उत्तराधिकारी (वलीअहद) दिल्ली के लालकिले मे सन 1749 में जन्मे शाहजादा मिर्जा जवां बख्त बहादुर का मकबरा है। दिल्ली के लाल किले में रोहिल्ला गुलाम कादिर के अत्याचारों, मराठों के बढ़ते प्रभाव और ईस्ट इंडिया कंपनी की राजनीतिक चालों से तंग आकर, सल्तनत को बचाने में असमर्थ शहजादा जवां बख्त ने 1787 में बनारस में शरण ली थी। यहाँ के तत्कालीन ब्रिटिश रेजीडेंट और नवाबों के सहयोग से वे यहीं रहने लगे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अंग्रेजी कैलेण्डर के दिनांक 31मई सन 1788 को मात्र 42 वर्ष की आयु में उनका आकस्मिक निधन हो गया। उनकी बेगम कुतलग सुल्तान बेगम ने फातमान के पास लगभग 20 एकड़ भूमि पर एक भव्य 'बादशाह बाग' एस्टेट और मकबरे का निर्माण कराया था। आज यह स्थल आंशिक अतिक्रमण के बीच एक ऐतिहासिक ऐतिहासिक साक्ष्य के रूप में दर्ज है। शहजादे की मजार के मुख्य हिस्से पर खुदा हुआ फारसी का यह प्रसिद्ध सूफियाना शेर उनकी बेबसी और निर्वासन के दर्द को बयां करता है:"ब-तौफीक-ए-खुदा व फजल-ए-रहमान,शुदम महफूज दर अमान-ए-जानाँ।" यानि ईश्वर की मर्जी और उसकी असीम अनुकंपा से, अब मैं सांसारिक दुखों, दिल्ली की बंदिशों, साजिशों और तकलीफों से दूर अपने सबसे अजीज (परमात्मा) की पनाह में हमेशा के लिए सुरक्षित हो गया हूँ।"
इसी मजार पर अब्जद प्रणाली (फारसी अक्षरों के जोड़) से उनकी वफात का साल (हिजरी 1202) निकालने वाला यह मार्मिक वाक्य भी लिखा है: "आह! शाहजादा-ए-आली मर्तबा ब-सऊए जन्नत रफ्त" (अफ़सोस! बुलंद मर्तबे वाला मुगल शहजादा आज इस फानी दुनिया को छोड़कर जन्नत के सफर पर रवाना हो गया)।
                बनारसीपन के मिशाल और सुरों के जादूगर भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का आरामगाह फातमान परिसर का सबसे जीवंत और पूजनीय हिस्सा वह नीम का पेड़ है, जिसके नीचे शहनाई के बेताज बादशाह उस्ताद बिस्मिल्लाह खान चिरनिद्रा में लीन हैं। उस्ताद का फातमान से ताउम्र का और बेहद रूहानी रिश्ता था। बताते हैं कि वे अपने जीवनकाल में इस परिसर के शांत, आध्यात्मिक माहौल में इसी नीम के पेड़ के नीचे बैठकर घंटों रियाज किया करते थे। उनका मानना था कि यहाँ की मिट्टी में जो सूफियाना कशिश है, वह उनके सुरों को सीधे खुदा से जोड़ती है। वर्ष 2006 में जब सुरों का यह कारवां थमा, तो उस्ताद की अंतिम इच्छानुसार उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ इसी फातमान परिसर में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
समकालीन धार्मिक इतिहास की बात करें तो शिया समुदाय के बेहद सम्मानित और हरदिल अजीज विद्वान मौलाना बनारस और देश-विदेश में अपनी मजलिसों और तकरीरों के लिए काफी लोकप्रिय शख्सियत मशहूर शिया धर्मगुरु और वक्ता मौलाना एजाज हसनैन घदीरी की मजार भी इसी परिसर में स्थित है। कुछ वर्ष पूर्व मार्च 2022 में उनके देहांत के बाद हजारों नम आंखों के बीच उन्हें यहीं दफन किया गया था, उनकी अंतिम यात्रा में देश भर के इस्लामिक विद्वान और बनारस के सभी वर्गों के लोग शामिल हुए थे।
बनारस मे मोहर्रम पर परंपरा और रवायत मे फातमान में ही ताज़ियों का अवसान किया जाता है। वाराणसी की अजादारी में दरगाह-ए-फातमान के भीतर ताज़ियों को 'ठंडा' करने (सुपुर्द-ए-खाक या विसर्जित करने) की परंपरा अत्यंत प्राचीन, भावुक और कड़े मजहबी नियमों से आबद्ध है। शिया मान्यता के अनुसार ताज़िया इमाम हुसैन के रौजे का पवित्र स्वरूप होता है, इसलिए इसे विदा करने की प्रक्रिया किसी जीवित जनाजे की तरह ही विलाप और सम्मान के साथ की जाती है।
विदाई का सूफियाना ताज़िया लेकर आने वाले हजारों अजादार सोगवार काले  लिबास में और नंगे पैर होते हैं। फातमान के मुख्य ऐतिहासिक फाटक के अंदर कदम रखते ही सभी लोग अपने जूते-चप्पल उतार देते हैं और प्रतीकात्मक कर्बला तक नंगे पैर चलते हैं। ताज़िए को ठंडा करने से पहले जमीन पर रखा जाता है। चारों तरफ अजादारों का हुजूम जमा हो जाता है और विशेष 'विदाई का नौहा' पढ़ा जाता है। अजादार नम आंखों से छाती पीटकर मातम करते हैं। बनारस में अधिकांश पुश्तैनी ताज़िए बांस की खपच्चियों, मखमल, चमकीले कागज और अभ्रक (अबरक) से बने होते हैं। परंपरा के अनुसार, इन्हें फातमान परिसर में विशेष रूप से तैयार भूखंड की खाक (मिट्टी) में दफन किया जाता है। ताज़िए के कुछ रेशमी अंगों या छतरियों को प्रतीकात्मक रूप से निकालकर वापस अजाखानों में सुरक्षित रख लिया जाता है, जिसे अगले साल बरकत के रूप में प्रयोग करते हैं।शहनाई से 'नौहा' बजाने की रीत से उस्ताद बिस्मिल्लाह खान ने फातमान को एक ऐसी परंपरा दी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए अमर हो गई। मोहर्रम की आठवीं तारीख को उस्ताद बिस्मिल्लाह खान काले लिबास में, नंगे पैर, आंखों में आंसू लिए फातमान के मुख्य फाटक से दाखिल होते थे। वे फाटक से लेकर मजार तक पैदल मार्च करते हुए शहनाई पर 'नौहा' (शोक धुन) बजाते हुए आते थे। जब उनकी शहनाई से हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के मासूम शहीदों की याद में गम के सुर निकलते थे, तो वहां मौजूद हिंदू-मुस्लिम हर शख्स की आंखें रो पड़ती थीं।
                    फातमान के मुतवल्ली ने हमारे जानकारी मे इजाफा करते हुये बताया कि ताज़ियों को फातमान में ही ठंडा किया जाता है। बनारस में कई अन्य स्थान होने के बावजूद ताज़ियों को फातमान लाने के पीछे के अकाट्य कारण और प्रतीकात्मक कर्बला की मान्यता के अनुसार शिया धर्मशास्त्र के तहत ताज़िया केवल उसी भूमि में समाहित हो सकता है जिसे धार्मिक रूप से 'कर्बला की खाक' का दर्जा प्राप्त हो। शेख अली हजीं ने इस परिसर की स्थापना के समय इसे बनारस की केंद्रीय कर्बला के रूप में वक्फ किया था। मान्यता यह भी है कि जहां कर्बला के शहीदों की मां (बीबी फातिमा) की प्रतीकात्मक उपस्थिति या नाम जुड़ा हो, वहीं उनके ऑचल में बेटों की शहादत के प्रतीकों (ताज़ियों) को सुपुर्द-ए-खाक करना आध्यात्मिक रूप से परम शांतिदायक माना जाता है।                                                                                       
   वर्तमान में फातमान के विशाल परिसर और भूसंपत्ति को लेकर भूमि विवाद और प्रबंधन की कशमकश की चुनौतियाँ भी है। जहां बनारस आज वैश्विक पटल पर तेजी से आधुनिकीकरण, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और बुनियादी ढांचे के विस्तार की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में फातमान दरगाह जैसी बेशकीमती, ऐतिहासिक और शहर के केंद्र (प्राइम लोकेशन) में स्थित जमीनें भी समकालीन विवादों और भू-माफियाओं की गिद्ध दृष्टि से अछूती नहीं रही हैं।सिगरा-लल्लापुरा मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण इस परिसर की व्यावसायिक कीमत अरबों रुपये में है। पिछले कुछ दशकों में इस ऐतिहासिक परिसर की जमीनों को लेकर कई तरह के आंतरिक और बाहरी विवाद सामने आए हैं। परिसर की कुछ सीमाओं को लेकर वक्फ बोर्ड और कुछ स्थानीय भूस्वामियों के बीच कानूनी खींचतान चलती रही है। घनी आबादी के बीच होने के कारण कई बार स्थानीय स्तर पर परिसर की चहारदीवारी (बाउंड्री वॉल) को नुकसान पहुंचाने, अवैध रूप से मवेशी बांधने, वाहन खड़े करने या अस्थायी दुकानें खड़ी करने के प्रयास भू-माफियाओं द्वारा किए गए हैं, जिससे कई बार स्थानीय स्तर पर तनाव और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी पैदा हुई है। दरगाह की देखरेख करने वाली कमेटियों के बीच समय-समय पर दीवानी अदालतों में मुकदमेबाजी होती रही है, जिससे इस धरोहर के मूल विकास कार्य प्रभावित हो रहे  हैं।इससे फातमान दरगाह के प्रबंधन और स्थानीय शिया समाज में भी अपनी पैतृक वक्फ संपत्तियों के दस्तावेजों को पूरी तरह पुख्ता रखने की चिंता और सक्रियता बढ़ी है।
                  वर्तमान में, दरगाह-ए-फातमान और उससे जुड़े विशाल कब्रिस्तान का प्रशासनिक नियंत्रण उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के अधीन संचालित होने वाली एक आधिकारिक मुतवल्ली कमेटी (प्रबंधकीय समिति) के हाथों मे है। शिया वक्फ बोर्ड द्वारा अनुमोदित इस कमेटी को बनारस के प्रतिष्ठित शिया शिक्षण संस्थानों जैसे जवादिया अरबी कॉलेज और इमानिया अरबी कॉलेज के वरिष्ठ उलेमा और मौलानाओं का निरंतर धार्मिक मार्गदर्शन प्राप्त होता है। यह कमेटी मोहर्रम और चेहलुम के दौरान वाराणसी जिला प्रशासन, पुलिस कमिश्नरेट और नगर निगम के साथ निरंतर समन्वय  बनाकर लाखों की भीड़ और अंजुमनों (जैसे अंजुमन अब्बासिया) के ताज़िया ठंडा करने की टाइमिंग व सुरक्षा का सफल प्रबंधन संभालती है। समकालीन भूमि विवादों से निपटने के लिए वर्तमान कमेटी ने अब पूरे परिसर की डिजिटल मैपिंग और महाराजा चेत सिंह के काल के शाही फरमानों को कानूनी रूप से संहिताबद्ध करने की प्रक्रिया शुरू की है।
                दरगाह-ए-फातमान केवल एक समुदाय विशेष का मजहबी स्थल या कब्रिस्तान नहीं है, यह बनारस के उस अनूठे सांस्कृतिक मिजाज का अभिन्न हिस्सा है जिसे 'अल्हड़पन' और 'अल्मस्ती' के साथ-साथ 'अदब' और 'अकीदत' का शहर कहा जाता है। जहाँ एक तरफ बाबा विश्वनाथ की नगरी में हर सुबह गंगा की लहरों पर शंखनाद और वैदिक भजनों से होती है, वहीं लल्लापुरा के इसी कोने में उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की शहनाई के सुरों ने बाबा विश्वनाथ और कर्बला के शहीदों दोनों को एक ही सांस में याद किया है।
आज समय की मांग है कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की सादगी भरी मजार, उमराव जान अदा के मकबरे और शेख अली हजीं के ऐतिहासिक रौजे को एक 'राष्ट्रीय सांस्कृतिक धरोहर कॉरिडोर' के रूप में संरक्षित और विकसित किया जाना चाहिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक और शोधार्थी बनारस की इस साझी रूह के दर्शन कर सकें क्योंकि यदि बनारस की मुकम्मल और मुकद्दस तस्वीर को देखना है, तो घाटों की सीढ़ियों से उतरकर लल्लापुरा की इन संकरी गलियों में फातमान के इस शांत, पुरसुकून परिसर में आना होगा, जहाँ आज भी हवाओं में शेख अली हजीं की फारसी शायरी, उमराव जान की तन्हाई का फलसफे का शेर और उस्ताद की शहनाई के नौहे तैरते हुए महसूस होते हैं। यह स्थान बनारस की साझी विरासत का वह चिराग है, जिसे वक्त की कोई भी आंधी बुझा नहीं सकती।
  काशी, 9 नवंबर 2026,सोमवार
https://chitravansh.blogspot.com

व्योमवार्ता/ राष्ट्रवाद की साकार प्रतीक : भारत माता मंदिर...........

राष्ट्रवाद की साकार प्रतीक : भारत माता मंदिर...........
                                                                           *व्योमेश चित्रवंश
                        काशी एक ऐसा शहर जिसके कण-कण में अध्यात्म, गलियों में इतिहास और हवा में संस्कृति घुली हुई है। अमूमन काशी का नाम लेते ही जेहन में घाट, गंगा आरती, बाबा विश्वनाथ और अनगिनत देवी-देवताओं के मंदिरों की छवि उभरती है। लेकिन इसी पावन नगरी के केंद्र में एक ऐसा मंदिर भी स्थित है, जो किसी पारंपरिक देवी-देवता को समर्पित नहीं है, बल्कि उस मिट्टी को समर्पित है जिसे हम 'भारत माता' कहते हैं। मंदिर की पहली मंजिल की बालकनी से जब नीचे मकराना के पत्थरों पर मुस्कुराते अखंड भारत के नक्शे को देखते हैं तो यकीनन सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है और मन के भीतर से श्रद्धा भरी एक ही आवाज आती है " वंदे मातरम!" । भारत माता मंदिर वाराणसी का एक ऐसी अनमोल धरोहर है जो हमें हमारी साझा पहचान से जोड़ती है। यह हमें याद दिलाता है कि भारत सिर्फ एक जमीन का टुकड़ा नहीं है, बल्कि एक जीता-जागता राष्ट्रपुरुष है।
                                वाराणसी के सिगरा क्षेत्र में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के प्रांगण में स्थित 'भारत माता मंदिर' सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, भूगोल, कला और शिल्पकला का एक ऐसा अनूठा संगम है, जिसकी मिसाल पूरी दुनिया में कहीं और नहीं मिलती। यह मंदिर भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की चेतना, सांप्रदायिक सौहार्द और अखंड भारत की भौगोलिक भव्यता का जीवंत प्रतीक है। इस अनूठे मंदिर के इतिहास, इसके निर्माण की भावुक कहानी, बीसवीं सदी के शुरुआती दशकों में जाती है, जब भारत ब्रिटिश हुकूमत की बेड़ियों को तोड़ने के लिए छटपटा रहा था। इस मंदिर के ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और निर्माण की प्रेरणा राष्ट्ररत्न गुप्त जी को अफ्रीका से पुणे और काशी तक के यात्रा के दौरान मिली  जिसके पीछे बाबू शिव प्रसाद गुप्त के मन मे उत्पन्न विचार ने उनके राष्ट्रनिर्माण के दूरदर्शी सोच को मंदिर निर्माण की दिशा दिखाया । बाबू शिव प्रसाद गुप्त एक प्रखर राष्ट्रवादी, दानवीर और स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्हें राष्ट्ररत्न की उपाधि से सम्मानित किया गया था। सन 1912-13 के आसपास जब वे विदेश यात्रा पर थे, तब उनकी मुलाकात दक्षिण अफ्रीका में महात्मा गांधी के एक सहयोगी से हुई, जिससे उनके मन में राष्ट्रवाद को एक भौगोलिक पहचान देने का वैचारिक बीज पड़ा। इसके बाद, उन्होंने लंदन प्रवास के दौरान ब्रिटिश म्यूजियम में मौजूद विस्तृत भौगोलिक नक्शों का भी गहन अध्ययन किया, ताकि नक्शे की सटीकता में कोई कमी न रहे। लेकिन इस कल्पना को वास्तविक आधार मिला गुप्त जी की पुणे (पुणे) यात्रा और प्रवास के दौरान। अपनी एक यात्रा के समय गुप्त जी पुणे के एक विधवा आश्रम में गए। वहाँ उन्होंने फर्श पर मिट्टी से बनी भारत माता की एक अनूठी कलाकृति देखी, जो वास्तव में पूरे अखंड भारत का एक भौगोलिक मानचित्र थी। उस मिट्टी के सजीव नक्शे को देखकर गुप्त जी के मन में राष्ट्रभक्ति का ज्वार उमड़ पड़ा। उन्होंने महसूस किया कि गुलामी के दौर में आम जनता को अपनी मातृभूमि की विशालता और अखंडता का अहसास कराने का इससे सशक्त माध्यम नहीं हो सकता। चूंकि मिट्टी की कलाकृति अस्थायी होती है, इसलिए उन्होंने संकल्प लिया कि वे काशी में मकराना के चिरस्थायी सफेद संगमरमर पर इससे भी भव्य और वैज्ञानिक रूप से सटीक थ्रीडी मानचित्र का निर्माण करवाएंगे।
             जिस स्थान पर आज भारत माता मंदिर और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का विशाल परिसर गर्व से खड़ा है, उसका भी अपना एक दिलचस्प इतिहास है। ब्रिटिश काल में यह पूरी भूमि अंग्रेजी हुकूमत की गतिविधियों और नील के गोरे व्यापारियों का एक बड़ा गढ़ हुआ करती थी। मंदिर बनने से पहले यहाँ अंग्रेजों की पुरानी नील की कोठियाँ और उनके घोड़ों के लिए विशाल अस्तबल हुआ करते थे। क्रांतिकारियों और राष्ट्रवादियों के लिए काशी में एक स्वतंत्र और सुरक्षित केंद्र स्थापित करने के उद्देश्य से, दानवीर बाबू शिव प्रसाद गुप्त जी ने अपने व्यक्तिगत प्रयासों से अंग्रेजों से इस पूरी विवादित और रणनीतिक भूमि को खरीद लिया था। भूमि क्रय करने के बाद, उन्होंने इसका एक बहुत बड़ा हिस्सा 'काशी विद्यापीठ' विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए सहर्ष दान कर दिया और उसी परिसर के एक विशेष अग्रभाग की भूमि को इस अनूठे भारत माता मंदिर के निर्माण के लिए आरक्षित रखा।
               इस अदभुत मंदिर की नींव सन 1918 में रखी गई थी। बाबू शिव प्रसाद गुप्त के मार्गदर्शन और पूर्ण वित्तीय सहयोग से इस परियोजना को धरातल पर उतारने का काम शुरू हुआ। इस पूरे मानचित्र को तराशने और मंदिर को स्वरूप देने में करीब छह साल का लंबा समय लगा और सन 1924 में इसका निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न हुआ। उस दौर में इस बेजोड़ संगमरमर की कलाकृति, पांच मंजिला ऊंचे खंभों वाले भव्य भवन और नक्काशीदार संरचना को तैयार करने में लगभग ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) की भारी-भरकम राशि खर्च हुई थी। बीसवीं सदी के शुरुआती दशकों के लिहाज से यह एक बहुत बड़ी राजसी राशि थी, जिसे गुप्त जी ने बिना किसी सरकारी या सार्वजनिक मदद के, अपने व्यक्तिगत कोष से सहर्ष वहन किया था। इस मंदिर के निर्माण में उस दौर के जाने-माने शिल्पकार दुर्गा प्रसाद वेदे (खत्री) ने मुख्य भूमिका निभाई। उनके साथ करीब 30 कुशल राजगीरों और शिल्पकारों की टोली ने दिन-रात मेहनत की। संगमरमर के पत्थरों को बारीक औजारों से तराशकर भारत का जो रूप उन्होंने तैयार किया, उसे देखकर आज के आधुनिक इंजीनियर भी दांतों तले उंगली दबा लेते हैं। बिना किसी आधुनिक कंप्यूटर तकनीक या सैटेलाइट मैपिंग के, केवल तत्कालीन भौगोलिक सर्वेक्षणों और गणितीय सूत्रों के आधार पर इतना सटीक भौगोलिक ढांचा तैयार करना किसी चमत्कार से कम नहीं था।
                   इस मंदिर के इतिहास का सबसे स्वर्णिम पन्ना 25 अक्टूबर 1936 को लिखा गया। यह वह ऐतिहासिक दिन था जब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वयं वाराणसी आकर इस मंदिर का उद्घाटन किया था। उद्घाटन समारोह में देश के कोने-कोने से राष्ट्रवादियों, स्वतंत्रता सेनानियों और आम जनता का हुजूम उमड़ा था। इस अवसर पर महात्मा गांधी ने अपने संबोधन में कहा था, "यह मंदिर किसी एक धर्म या संप्रदाय का नहीं है, बल्कि यह हर उस इंसान का है जो इस देश की मिट्टी से प्यार करता है। मुझे उम्मीद है कि यह मंदिर सभी धर्मों के लोगों के बीच आपसी प्रेम, सांप्रदायिक सौहार्द और राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करने का एक बड़ा केंद्र बनेगा।" बापू के इन शब्दों ने इस मंदिर को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अमर कर दिया।
भारत माता मंदिर की स्थापत्य कला सादगी और भव्यता का एक बेजोड़ मिश्रण है। बाहर से देखने पर यह मंदिर राजस्थानी और आधुनिक वास्तुकला के मिले-जुले रूप की तरह दिखता है। मंदिर का मुख्य भवन मकराना के सफेद संगमरमर और लाल बलुआ पत्थरों से बना है। आठ आठ फीट की दूरी पर निर्मित 28  ऊंचे खंभों पर बने मेहराब इसकी भव्यता को बढ़ाते हैं लेकिन इस मंदिर का असली आकर्षण इसके गर्भगृह के ठीक बीचों-बीच स्थित है। यहाँ फर्श के स्तर पर मकराना के सफेद संगमरमर से बना 'अखंड भारत' का एक विशालकाय त्रिआयामी (थ्रीडी) भौगोलिक मानचित्र है। यह मानचित्र केवल एक रेखाचित्र नहीं है, बल्कि इसमें भारत के पहाड़ों, नदियों, घाटियों और मैदानों को वास्तविक ऊंचाई और गहराई के अनुपात में दर्शाया गया है। जो मानचित्र की तकनीकी विशेषताएं और पैमाने पर बनाये गये हैं। यह मानचित्र लगभग 32 फीट चौड़ा और 32 फीट लंबा है। इसे इतनी सटीकता से बनाया गया है कि इसके निर्माण का क्षैतिज पैमाना 1 इंच बराबर लगभग 10 मील (या लगभग 6.4 किलोमीटर) बैठता है। वहीं पहाड़ों की चोटियों को स्पष्ट रूप से उभारने के लिए ऊर्ध्वाधर पैमाने को क्षैतिज पैमाने से लगभग आठ गुना बड़ा रखा गया है।भौगोलिक सटीकता के साथ इस मानचित्र में अविभाजित भारत की सीमाओं को दिखाया गया है, जिसमें आज का भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, म्यांमार (बर्मा), नेपाल, भूटान, तिब्बत और श्रीलंका के हिस्से शामिल हैं।पर्वत और नदियाें को गणितीय सूत्रों के अनुपात से दर्शाते  हुये मानचित्र में हिमालय की गगनचुंबी चोटियों (जैसे माउंट एवरेस्ट, के2, कंचनजंगा) से लेकर विंध्याचल, सतपुड़ा, अरावली और पश्चिमी व पूर्वी घाट की पहाड़ियों को बहुत ही खूबसूरती से उभारा गया है। कुल मिलाकर इसमें लगभग 450 पर्वतीय चोटियों और घाटियों को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। देश की जीवनदायिनी नदियां जैसे गंगा, यमुना, सिंधु, ब्रह्मपुत्र, गोदावरी, कृष्णा, कावेरी और नर्मदा के उद्गम स्थल से लेकर समुद्र में मिलने तक के रास्तों को बारीक नालियों के रूप में तराशा गया है। राष्ट्रीय पर्वों और विशेष अवसरों पर इन नालियों में पानी भरा जाता है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है मानो वास्तविक नदियां बह रही हों।
                     बाबू शिव प्रसाद गुप्त वाराणसी के एक अत्यंत समृद्ध, प्रतिष्ठित जमींदार और सफल उद्योगपति परिवार से ताल्लुक रखते थे। वे देश के प्रसिद्ध हिंदी समाचार पत्र 'दैनिक आज' के गौरवशाली संस्थापक भी थे। राष्ट्र के प्रति समर्पित उनका परिवार हमेशा से ही स्वाधीनता संग्राम के सबसे बड़े वित्तीय स्तंभों में से एक रहा, जिसने देश हित में अपनी संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा न्योछावर कर दिया। वर्तमान में इस ऐतिहासिक और राष्ट्रीय धरोहर के सुचारू संचालन और सुरक्षा की जिम्मेदारी 'बाबू शिव प्रसाद गुप्त ट्रस्ट' (भारत माता मंदिर ट्रस्ट) के हाथों में है, जिसमें उनके परिवार के सदस्य और शहर के प्रबुद्ध नागरिक शामिल हैं। गुप्त परिवार की वर्तमान पीढ़ियाँ भी आज बिना किसी व्यावसायिक लाभ या व्यावसायिक प्रवेश शुल्क के, इस राष्ट्रीय स्मारक की मूल स्वाधीनता कालीन भावना को बनाए रखने और इसके दैनिक प्रबंधन व देखभाल में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। चूंकि यह मंदिर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय के प्रांगण के समीप स्थित है, इसलिए विश्वविद्यालय प्रशासन भी इसके गौरव को अक्षुण्ण रखने में सहयोग प्रदान करता है।
               वाराणसी का यह भारत माता मंदिर अपनी तरह का दुनिया का पहला और सबसे पुराना मंदिर है। इसकी सफलता और इसके अद्वितीय विचार से प्रेरित होकर बाद के वर्षों में भारत में कुछ अन्य स्थानों पर भी भारत माता को समर्पित मंदिरों का निर्माण किया गया, जैसे हरिद्वार का प्रसिद्ध आठ मंजिला भारत माता मंदिर (स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि द्वारा स्थापित) और कुरुक्षेत्र व कोलकाता के स्मारक,परंतु संगमरमर पर हाथों से तराशे गए इतने विशाल और वैज्ञानिक थ्रीडी भौगोलिक मानचित्र के साथ बना भारत माता का मंदिर पूरे विश्व में केवल और केवल वाराणसी में ही स्थित है, जो इसे वैश्विक स्तर पर अनूठा और बेजोड़ बनाता है।
                     आज के आधुनिक और तकनीकी युग में भी इस मंदिर की प्रासंगिकता और बढ़ गई है।आज जब दुनिया वैचारिक मोर्चों पर बंटी हुई नजर आती है, यह मंदिर बिना किसी धार्मिक कर्मकांड के केवल राष्ट्रवाद और 'वसुधैव कुटुंबकम्'  और विविधता में एकता का संदेश का संदेश देता है। गूगल मैप्स और डिजिटल स्क्रीन के दौर में भी, संगमरमर पर हाथों से तराशा गया यह नक्शा भूगोल और शिक्षा का अनूठा केंद्र है जो विद्यार्थियों के लिए भूगोल को जीवंत रूप में समझने का एक बेहतरीन दृश्य माध्यम  है। यह मंदिर आज की पीढ़ी के लिये एक ऐतिहासिक विरासत है जो इस बात का गवाह है कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में कला और शिल्पकला का उपयोग जनमानस को जगाने के लिए किस खूबसूरती से किया गया था। लगभग एक सदी पुराना होने के कारण संगमरमर के इस विशाल नक्शे को विशेष देखभाल की जरूरत है। पत्थरों के क्षरण, आधुनिक प्रचार-प्रसार की कमी और वित्तीय संसाधनों की सीमाओं जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और निकायों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। लगभग 100 वर्ष पुराने मकराना संगमरमर के थ्रीडी मानचित्र को रासायनिक उपचार और पर्यावरण के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की विशेषज्ञता सबसे जरूरी है। इस अद्वितीय मंदिर को 'राष्ट्रीय महत्व का स्मारक' घोषित कर इसके कानूनी और ढांचागत संरक्षण को मजबूत किया जा सकता है। संस्कृति मंत्रालय के माध्यम से बाबू शिव प्रसाद गुप्त के योगदान और मंदिर निर्माण के इतिहास को एक आधुनिक डिजिटल गैलरी के रूप में परिसर के भीतर ही संजोया जा सकता है। मंत्रालय इसे 'हेरिटेज और नेशनल प्राइड सर्किट' का हिस्सा बना सकता है, ताकि सारनाथ और काशी विश्वनाथ जाने वाले पर्यटक यहाँ भी आकर्षित हों।वैश्विक ब्रांडिंग 'अतुल्य भारत' अभियान के तहत इस अनोखे मंदिर की वास्तुकला पर डॉक्यूमेंट्री और सोशल मीडिया कैंपेन चलाकर वैश्विक स्तर पर प्रचार करते हुये पर्यटन मंत्रालय अपनी विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत परिसर के सुंदरीकरण और पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विकास कर सकता है।
(काशी, 7नवंबर 2026, शुक्रवार)
https://chitravansh.blogspot.com