*व्योमेश चित्रवंश
काशी एक ऐसा शहर जिसके कण-कण में अध्यात्म, गलियों में इतिहास और हवा में संस्कृति घुली हुई है। अमूमन काशी का नाम लेते ही जेहन में घाट, गंगा आरती, बाबा विश्वनाथ और अनगिनत देवी-देवताओं के मंदिरों की छवि उभरती है। लेकिन इसी पावन नगरी के केंद्र में एक ऐसा मंदिर भी स्थित है, जो किसी पारंपरिक देवी-देवता को समर्पित नहीं है, बल्कि उस मिट्टी को समर्पित है जिसे हम 'भारत माता' कहते हैं। मंदिर की पहली मंजिल की बालकनी से जब नीचे मकराना के पत्थरों पर मुस्कुराते अखंड भारत के नक्शे को देखते हैं तो यकीनन सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है और मन के भीतर से श्रद्धा भरी एक ही आवाज आती है " वंदे मातरम!" । भारत माता मंदिर वाराणसी का एक ऐसी अनमोल धरोहर है जो हमें हमारी साझा पहचान से जोड़ती है। यह हमें याद दिलाता है कि भारत सिर्फ एक जमीन का टुकड़ा नहीं है, बल्कि एक जीता-जागता राष्ट्रपुरुष है।
वाराणसी के सिगरा क्षेत्र में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के प्रांगण में स्थित 'भारत माता मंदिर' सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, भूगोल, कला और शिल्पकला का एक ऐसा अनूठा संगम है, जिसकी मिसाल पूरी दुनिया में कहीं और नहीं मिलती। यह मंदिर भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की चेतना, सांप्रदायिक सौहार्द और अखंड भारत की भौगोलिक भव्यता का जीवंत प्रतीक है। इस अनूठे मंदिर के इतिहास, इसके निर्माण की भावुक कहानी, बीसवीं सदी के शुरुआती दशकों में जाती है, जब भारत ब्रिटिश हुकूमत की बेड़ियों को तोड़ने के लिए छटपटा रहा था। इस मंदिर के ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और निर्माण की प्रेरणा राष्ट्ररत्न गुप्त जी को अफ्रीका से पुणे और काशी तक के यात्रा के दौरान मिली जिसके पीछे बाबू शिव प्रसाद गुप्त के मन मे उत्पन्न विचार ने उनके राष्ट्रनिर्माण के दूरदर्शी सोच को मंदिर निर्माण की दिशा दिखाया । बाबू शिव प्रसाद गुप्त एक प्रखर राष्ट्रवादी, दानवीर और स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्हें राष्ट्ररत्न की उपाधि से सम्मानित किया गया था। सन 1912-13 के आसपास जब वे विदेश यात्रा पर थे, तब उनकी मुलाकात दक्षिण अफ्रीका में महात्मा गांधी के एक सहयोगी से हुई, जिससे उनके मन में राष्ट्रवाद को एक भौगोलिक पहचान देने का वैचारिक बीज पड़ा। इसके बाद, उन्होंने लंदन प्रवास के दौरान ब्रिटिश म्यूजियम में मौजूद विस्तृत भौगोलिक नक्शों का भी गहन अध्ययन किया, ताकि नक्शे की सटीकता में कोई कमी न रहे। लेकिन इस कल्पना को वास्तविक आधार मिला गुप्त जी की पुणे (पुणे) यात्रा और प्रवास के दौरान। अपनी एक यात्रा के समय गुप्त जी पुणे के एक विधवा आश्रम में गए। वहाँ उन्होंने फर्श पर मिट्टी से बनी भारत माता की एक अनूठी कलाकृति देखी, जो वास्तव में पूरे अखंड भारत का एक भौगोलिक मानचित्र थी। उस मिट्टी के सजीव नक्शे को देखकर गुप्त जी के मन में राष्ट्रभक्ति का ज्वार उमड़ पड़ा। उन्होंने महसूस किया कि गुलामी के दौर में आम जनता को अपनी मातृभूमि की विशालता और अखंडता का अहसास कराने का इससे सशक्त माध्यम नहीं हो सकता। चूंकि मिट्टी की कलाकृति अस्थायी होती है, इसलिए उन्होंने संकल्प लिया कि वे काशी में मकराना के चिरस्थायी सफेद संगमरमर पर इससे भी भव्य और वैज्ञानिक रूप से सटीक थ्रीडी मानचित्र का निर्माण करवाएंगे।
जिस स्थान पर आज भारत माता मंदिर और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का विशाल परिसर गर्व से खड़ा है, उसका भी अपना एक दिलचस्प इतिहास है। ब्रिटिश काल में यह पूरी भूमि अंग्रेजी हुकूमत की गतिविधियों और नील के गोरे व्यापारियों का एक बड़ा गढ़ हुआ करती थी। मंदिर बनने से पहले यहाँ अंग्रेजों की पुरानी नील की कोठियाँ और उनके घोड़ों के लिए विशाल अस्तबल हुआ करते थे। क्रांतिकारियों और राष्ट्रवादियों के लिए काशी में एक स्वतंत्र और सुरक्षित केंद्र स्थापित करने के उद्देश्य से, दानवीर बाबू शिव प्रसाद गुप्त जी ने अपने व्यक्तिगत प्रयासों से अंग्रेजों से इस पूरी विवादित और रणनीतिक भूमि को खरीद लिया था। भूमि क्रय करने के बाद, उन्होंने इसका एक बहुत बड़ा हिस्सा 'काशी विद्यापीठ' विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए सहर्ष दान कर दिया और उसी परिसर के एक विशेष अग्रभाग की भूमि को इस अनूठे भारत माता मंदिर के निर्माण के लिए आरक्षित रखा।
इस अदभुत मंदिर की नींव सन 1918 में रखी गई थी। बाबू शिव प्रसाद गुप्त के मार्गदर्शन और पूर्ण वित्तीय सहयोग से इस परियोजना को धरातल पर उतारने का काम शुरू हुआ। इस पूरे मानचित्र को तराशने और मंदिर को स्वरूप देने में करीब छह साल का लंबा समय लगा और सन 1924 में इसका निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न हुआ। उस दौर में इस बेजोड़ संगमरमर की कलाकृति, पांच मंजिला ऊंचे खंभों वाले भव्य भवन और नक्काशीदार संरचना को तैयार करने में लगभग ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) की भारी-भरकम राशि खर्च हुई थी। बीसवीं सदी के शुरुआती दशकों के लिहाज से यह एक बहुत बड़ी राजसी राशि थी, जिसे गुप्त जी ने बिना किसी सरकारी या सार्वजनिक मदद के, अपने व्यक्तिगत कोष से सहर्ष वहन किया था। इस मंदिर के निर्माण में उस दौर के जाने-माने शिल्पकार दुर्गा प्रसाद वेदे (खत्री) ने मुख्य भूमिका निभाई। उनके साथ करीब 30 कुशल राजगीरों और शिल्पकारों की टोली ने दिन-रात मेहनत की। संगमरमर के पत्थरों को बारीक औजारों से तराशकर भारत का जो रूप उन्होंने तैयार किया, उसे देखकर आज के आधुनिक इंजीनियर भी दांतों तले उंगली दबा लेते हैं। बिना किसी आधुनिक कंप्यूटर तकनीक या सैटेलाइट मैपिंग के, केवल तत्कालीन भौगोलिक सर्वेक्षणों और गणितीय सूत्रों के आधार पर इतना सटीक भौगोलिक ढांचा तैयार करना किसी चमत्कार से कम नहीं था।
इस मंदिर के इतिहास का सबसे स्वर्णिम पन्ना 25 अक्टूबर 1936 को लिखा गया। यह वह ऐतिहासिक दिन था जब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वयं वाराणसी आकर इस मंदिर का उद्घाटन किया था। उद्घाटन समारोह में देश के कोने-कोने से राष्ट्रवादियों, स्वतंत्रता सेनानियों और आम जनता का हुजूम उमड़ा था। इस अवसर पर महात्मा गांधी ने अपने संबोधन में कहा था, "यह मंदिर किसी एक धर्म या संप्रदाय का नहीं है, बल्कि यह हर उस इंसान का है जो इस देश की मिट्टी से प्यार करता है। मुझे उम्मीद है कि यह मंदिर सभी धर्मों के लोगों के बीच आपसी प्रेम, सांप्रदायिक सौहार्द और राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करने का एक बड़ा केंद्र बनेगा।" बापू के इन शब्दों ने इस मंदिर को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अमर कर दिया।
भारत माता मंदिर की स्थापत्य कला सादगी और भव्यता का एक बेजोड़ मिश्रण है। बाहर से देखने पर यह मंदिर राजस्थानी और आधुनिक वास्तुकला के मिले-जुले रूप की तरह दिखता है। मंदिर का मुख्य भवन मकराना के सफेद संगमरमर और लाल बलुआ पत्थरों से बना है। आठ आठ फीट की दूरी पर निर्मित 28 ऊंचे खंभों पर बने मेहराब इसकी भव्यता को बढ़ाते हैं लेकिन इस मंदिर का असली आकर्षण इसके गर्भगृह के ठीक बीचों-बीच स्थित है। यहाँ फर्श के स्तर पर मकराना के सफेद संगमरमर से बना 'अखंड भारत' का एक विशालकाय त्रिआयामी (थ्रीडी) भौगोलिक मानचित्र है। यह मानचित्र केवल एक रेखाचित्र नहीं है, बल्कि इसमें भारत के पहाड़ों, नदियों, घाटियों और मैदानों को वास्तविक ऊंचाई और गहराई के अनुपात में दर्शाया गया है। जो मानचित्र की तकनीकी विशेषताएं और पैमाने पर बनाये गये हैं। यह मानचित्र लगभग 32 फीट चौड़ा और 32 फीट लंबा है। इसे इतनी सटीकता से बनाया गया है कि इसके निर्माण का क्षैतिज पैमाना 1 इंच बराबर लगभग 10 मील (या लगभग 6.4 किलोमीटर) बैठता है। वहीं पहाड़ों की चोटियों को स्पष्ट रूप से उभारने के लिए ऊर्ध्वाधर पैमाने को क्षैतिज पैमाने से लगभग आठ गुना बड़ा रखा गया है।भौगोलिक सटीकता के साथ इस मानचित्र में अविभाजित भारत की सीमाओं को दिखाया गया है, जिसमें आज का भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, म्यांमार (बर्मा), नेपाल, भूटान, तिब्बत और श्रीलंका के हिस्से शामिल हैं।पर्वत और नदियाें को गणितीय सूत्रों के अनुपात से दर्शाते हुये मानचित्र में हिमालय की गगनचुंबी चोटियों (जैसे माउंट एवरेस्ट, के2, कंचनजंगा) से लेकर विंध्याचल, सतपुड़ा, अरावली और पश्चिमी व पूर्वी घाट की पहाड़ियों को बहुत ही खूबसूरती से उभारा गया है। कुल मिलाकर इसमें लगभग 450 पर्वतीय चोटियों और घाटियों को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। देश की जीवनदायिनी नदियां जैसे गंगा, यमुना, सिंधु, ब्रह्मपुत्र, गोदावरी, कृष्णा, कावेरी और नर्मदा के उद्गम स्थल से लेकर समुद्र में मिलने तक के रास्तों को बारीक नालियों के रूप में तराशा गया है। राष्ट्रीय पर्वों और विशेष अवसरों पर इन नालियों में पानी भरा जाता है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है मानो वास्तविक नदियां बह रही हों।
बाबू शिव प्रसाद गुप्त वाराणसी के एक अत्यंत समृद्ध, प्रतिष्ठित जमींदार और सफल उद्योगपति परिवार से ताल्लुक रखते थे। वे देश के प्रसिद्ध हिंदी समाचार पत्र 'दैनिक आज' के गौरवशाली संस्थापक भी थे। राष्ट्र के प्रति समर्पित उनका परिवार हमेशा से ही स्वाधीनता संग्राम के सबसे बड़े वित्तीय स्तंभों में से एक रहा, जिसने देश हित में अपनी संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा न्योछावर कर दिया। वर्तमान में इस ऐतिहासिक और राष्ट्रीय धरोहर के सुचारू संचालन और सुरक्षा की जिम्मेदारी 'बाबू शिव प्रसाद गुप्त ट्रस्ट' (भारत माता मंदिर ट्रस्ट) के हाथों में है, जिसमें उनके परिवार के सदस्य और शहर के प्रबुद्ध नागरिक शामिल हैं। गुप्त परिवार की वर्तमान पीढ़ियाँ भी आज बिना किसी व्यावसायिक लाभ या व्यावसायिक प्रवेश शुल्क के, इस राष्ट्रीय स्मारक की मूल स्वाधीनता कालीन भावना को बनाए रखने और इसके दैनिक प्रबंधन व देखभाल में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। चूंकि यह मंदिर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय के प्रांगण के समीप स्थित है, इसलिए विश्वविद्यालय प्रशासन भी इसके गौरव को अक्षुण्ण रखने में सहयोग प्रदान करता है।
वाराणसी का यह भारत माता मंदिर अपनी तरह का दुनिया का पहला और सबसे पुराना मंदिर है। इसकी सफलता और इसके अद्वितीय विचार से प्रेरित होकर बाद के वर्षों में भारत में कुछ अन्य स्थानों पर भी भारत माता को समर्पित मंदिरों का निर्माण किया गया, जैसे हरिद्वार का प्रसिद्ध आठ मंजिला भारत माता मंदिर (स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि द्वारा स्थापित) और कुरुक्षेत्र व कोलकाता के स्मारक,परंतु संगमरमर पर हाथों से तराशे गए इतने विशाल और वैज्ञानिक थ्रीडी भौगोलिक मानचित्र के साथ बना भारत माता का मंदिर पूरे विश्व में केवल और केवल वाराणसी में ही स्थित है, जो इसे वैश्विक स्तर पर अनूठा और बेजोड़ बनाता है।
आज के आधुनिक और तकनीकी युग में भी इस मंदिर की प्रासंगिकता और बढ़ गई है।आज जब दुनिया वैचारिक मोर्चों पर बंटी हुई नजर आती है, यह मंदिर बिना किसी धार्मिक कर्मकांड के केवल राष्ट्रवाद और 'वसुधैव कुटुंबकम्' और विविधता में एकता का संदेश का संदेश देता है। गूगल मैप्स और डिजिटल स्क्रीन के दौर में भी, संगमरमर पर हाथों से तराशा गया यह नक्शा भूगोल और शिक्षा का अनूठा केंद्र है जो विद्यार्थियों के लिए भूगोल को जीवंत रूप में समझने का एक बेहतरीन दृश्य माध्यम है। यह मंदिर आज की पीढ़ी के लिये एक ऐतिहासिक विरासत है जो इस बात का गवाह है कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में कला और शिल्पकला का उपयोग जनमानस को जगाने के लिए किस खूबसूरती से किया गया था। लगभग एक सदी पुराना होने के कारण संगमरमर के इस विशाल नक्शे को विशेष देखभाल की जरूरत है। पत्थरों के क्षरण, आधुनिक प्रचार-प्रसार की कमी और वित्तीय संसाधनों की सीमाओं जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और निकायों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। लगभग 100 वर्ष पुराने मकराना संगमरमर के थ्रीडी मानचित्र को रासायनिक उपचार और पर्यावरण के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की विशेषज्ञता सबसे जरूरी है। इस अद्वितीय मंदिर को 'राष्ट्रीय महत्व का स्मारक' घोषित कर इसके कानूनी और ढांचागत संरक्षण को मजबूत किया जा सकता है। संस्कृति मंत्रालय के माध्यम से बाबू शिव प्रसाद गुप्त के योगदान और मंदिर निर्माण के इतिहास को एक आधुनिक डिजिटल गैलरी के रूप में परिसर के भीतर ही संजोया जा सकता है। मंत्रालय इसे 'हेरिटेज और नेशनल प्राइड सर्किट' का हिस्सा बना सकता है, ताकि सारनाथ और काशी विश्वनाथ जाने वाले पर्यटक यहाँ भी आकर्षित हों।वैश्विक ब्रांडिंग 'अतुल्य भारत' अभियान के तहत इस अनोखे मंदिर की वास्तुकला पर डॉक्यूमेंट्री और सोशल मीडिया कैंपेन चलाकर वैश्विक स्तर पर प्रचार करते हुये पर्यटन मंत्रालय अपनी विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत परिसर के सुंदरीकरण और पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विकास कर सकता है।
(काशी, 7नवंबर 2026, शुक्रवार)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें