मंगलवार, 25 जुलाई 2017

व्योमवार्ता / बनारस जहॉ मेरा मन बसता है: व्योमेश चित्रवंश की डायरी, 25जुलाई 2017, मंगलवार

बनारस जहॉ मेरा मन बसता है,  साल भर पुरानी पोस्ट : व्योमेश चित्रवंश की डायरी, 25 जुलाई 2017, मंगलवार

कल से बनारस मे एकदम झैंयम झैंयम बरसात हो रही है,  पूरा शहर कहीं बारिस से तो कहीं बारिस के प्रभाव  से जलायमान हो गया है, प्रधानमंत्री  व बनारस के यशस्वी सांसद द्वारा बनारस को विकसित करने के सपने और स्थानीय  अधिकारियों व ठीकेदारों के मनी अर्निंग गेम के चलते कहीं आईडीपीएस तो कहीं सड़क, पुल व सीवर के चलते सड़कें गलियॉ खुदी पड़ी है,  कीचड़,  पानी गड्ढा तो हमारे बनारस की पहचान  बन गये हैं. पर अपना बनारस तो अड़बंगों का अड़बंगी शहर है जो सारी कमियों के बावजूद हमारे मन मे बसता है. हमारा बनारस हमारा अपना बनारस है जिसके बिना हम रह पायेगें, यह सोचना भी कल्पना से परे है. सुबह सुबह ही ऱेसबुक ने अपने आदत के अनुसार पुरानी पोस्ट दिखाया तो याद आया कि साल भर पहले यह पोस्ट  इसी कल्पना को भुलाने के लिये लिखा था हमने. आज फिर से शेयर कर रहा हूँ.
             एक वक़्त था जब हम बचपन में अपने घर से निकलते थे और फ़िक्र इस बात की होती थी की कचौड़ी जलेबी भर के पैसे जेब में  हैं या नहीं. गोलगप्पे के पैसों के लिए घर पे लात जूते खाने से भी गुरेज़ नहीं किया. घाट ही हमारा गोवा और बैंकॉक था. नाटी इमली का भरत मिलाप ही हमारे लिए ऑस्कर था. ज़िन्दगी का सबसे बड़ा सपना पेट भर मलइय्यो खाना था. ख्वाहिशें छोटी थी, और बनारस से उम्मीदे कम. शायद इसीलिए हम सुखी थे और बनारस ने भी हमे कभी निराश नहीं किया. जितना हमने चाहा, बनारस ने हमेशा उससे बढ़ कर दिया. बनारस ने घाट पे बैठ के चीलम फूकने वाले को भी स्वीकारा और सड़क पे शान से भांग पीने वाले को भी. घाट पे नग्न बैठे अघोरी साधू को भी सम्मान दिया और मंदिरों में बैठे पंडितों की आस्था को भी पाला पोसा. बनारस ने डोम को भी राजा की उपाधि दे कर साम्राज्यवादियों के मुह पर तमाचा भी मारा. ये कमाल भी सिर्फ बनारस के बस की बात थी.
लेकिन अब चीजे बदल रही हैं. हमेशा मस्त हो कर भी शांत रहने वाला बनारस, अल्हड होते हुए भी संभ्रांत बनारस अब भागा भागा फिर रहा है. परेशां भी है और विचलित भी. इसका दिल अब गलियों से ऊब रहा है. इसे अब आसमानी इमारतों में रहना है. धड़ाधड़ बन रही इमारते यही बयान करती हैं. कोई फ्लैट बनाने में  परेशां है, कोई बेचने में और कोई खरीदने में. बनानेवाले भी बनारसी, बेचने वाले भी और  खरीदने वाला भी. हर रोज़ एक पुरानी इमारत गिरा दी जाती है एक नयी इमारत की  तामीर के लिए. और उसी के साथ गिर जाता है हम पर बनारस का भरोसा. चाट दलित सी हो रही है जिसकी तारीफ़ हर कोई करता है लेकिन साथ खाने की मेज़ पर कोई  नहीं बिठाना चाहता. आज का नया बनारसी पान नहीं खाता बल्कि पान की दूकान के पीछे मुंह छुपा के सिगरेट पीता है. मॉल की चमक और होटल की मदहोशी देखने और सुनने की सकत को ख़त्म कर रही है. जो बनारस अपने आप में पूर्ण था वो अब किसी और की तरह बनना चाहता है. भौतिकता और सांसारिक इच्छाओ का अंतिम पड़ाव समझा जाने वाला बनारस अब उसी में लिप्त होने को तड़प रहा है. सारनाथ, गोदौलिया, विश्वनाथ गली और हथुआ मार्किट तो चीप लोगो का बाजार हो गया. अब तो शादी के कपडे भी तभी जचते हैंजब दिल्ली या मुम्बई से आये हों. अब औरते माई से मम्मी और मम्मी से मॉम हो गयी हैं. सब्ज़ी अब वही स्वादिष्ट बना पाती हैं जोबिग बाजार से आयी हो. किटी पार्टियां इतनी होती हैं जितने बाप दादा ने रामायण नहीं कराये होंगे.
इन सब के बीच में हौले हौले सांस लेता बनारस आज भी शांत  है, और सब कुछ देख रहा है. शायद हमसे ये कहने की कोशिश कर रहा की "अपनी तहज़ीब को मस्ख  करने पे तहज़ीब का कुछ नहीं जाएगा, लेकिन एक दिन  वो तुम्हे मस्ख कर देगी".......
इसे वही समझ सकता है जो असली बनारसी हो,  जिसके मन मे बनारस बसता हो,  जो भले बनारस का पुरनिया न हो पर अपने नयेपन के बावजूद बनारस के मर्म को जान व पहचान गया हो. आप लोग नये बनारसी है या पुराने...?
(बनारस, 25जुलाई 2017, मंगलवार)
http://chitravansh.blogspot.com

सोमवार, 24 जुलाई 2017

व्योमवार्ता / वतन पर मरने वालों का कहीं बाकी निशां होगा : व्योमेेश चित्रवंश की डायरी (2).  24 जुलाई 2017, सोमवार

वतन पर मरने वालों का कहीं बाकी निशां होगा : व्योमेेश चित्रवंश की डायरी (2).  24 जुलाई 2017, सोमवार

आज शाम दोबारा डायरी लिखने को बैठा हूँ,  लिखने को मजबूर  होना पड़ा, थोड़ी देर पहले आभाषी दुनिया के ही किसी मित्र ने श्री जय बख्शी जी की पोस्ट साझा किया है,  पढ़ कर मन दु:खी हो गया . बचपन से बिस्मिल की पंक्तियॉ पढ़ते आ रहे है "शहीदों की चिताओं पर लगेगें हर बरस मेले,  वतन पर मरने वालो का यही बाकी निशां होगा." क्या यही सम्मान  दिया है हमने अपने अमर बलिदानी सपूतों का?  वह भी अपने स्वराज,  अपने सत्ता मे?
घृणा हो जाती है, इन राजनीति के स्वार्थी  कीड़े मकोड़ो और दलालों से ,जो आजादी के बाद सफेद खादी के कुर्ते की आड़ में अपना कलुष भरा मन लिये अपने को सर्वोत्तम जताने के लिये देश पर जान न्यौछावर  करने वाले शहीदों के पवित्र स्मृतियों को नाश करने व उसे विस्मृत करने मे लगे रहे.
अभी कल ही अमर शहीद चंदशेखर आजाद जी का जन्मदिवस था ऐसे में हमारे बनारस के अधिवक्ता मित्र नित्यानंद राय  व अंशुमान त्रिपाठी जैसे लोग बनारस के सेंट्रल जेल में चंदशेखर आजाद के सजा स्थल को स्मृति केंद्र बनवाने हेतु प्रयास मे हैं,वहीं दूसरी ओर आजाद भारत में स्वतंत्रता के 2 वर्षों बाद झॉसी मे स्वर्गीय चंद्रशेखर आजाद की स्मृति एवं उनकी मां के मूर्ति स्थापित करने के लिये उतारू कटिबद्ध निरीह निशस्त्र वअहिंसावादी नागरिकों पर तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने सीधे गोली मारने का आदेश दे दिया था जिसमे तीन शहीदभक्त नागरिक मृत्यु के घाट उतार दिये गये और कई लोग घायल हो गए .जिसके बारे में बक्शी जी की पोस्ट मे बताया गया है. मेरे लिये पहली बार यह रहस्योद्घाटन त्रासदपूर्ण व हृदयविदारक है .हम सोचने को मजबूर हैं कि क्या आजाद भारत में हम अपने शहीदों के लिए यही संकल्पना लेकर आए थे अगर यह सच है तो हमें अपने मन मानस मे ही थोड़ी सी जगह ढूंढनी पड़ेगी. तब कम से कम हम अपने को तो यह आभाष करा सकेगें कि वतन पर मरने वालों की कहीं बाकी निशा होगा.

झाँसी, वर्ष 1951-52: चंद्रशेखर आजाद की माँ के स्मारक को नहीं बनने दिया गया। (साभार)
- श्री जय बख्शी जी
■
           कल हमने हुतात्मा चन्द्र शेखर आजाद जी को बहुत मान दिया .... पर क्या आपको मालूम है कि आजाद जी के बलिदान के बाद क्या हुआ था उनके परिवार पर .... अगर नही पता है तो इस को पूरा पढ़ें शहादत के बाद उनके परिवार का क्या हश्र हुआ, उसे सुनकर आपकी आँखे नम हो जाऐंगी.....

भारत माता के अमर बलिदानी सपूत चंद्रशेखर आज़ाद और उनकी माता की पुण्य स्मृतियों के साथ इस कहानी का जन्म हुआ!  यह कहानी आजाद की शहादत के बाद जन्मी!

यह कहानी हम भारतीयों की कहानी कहती है! सच की पृष्ठभूमि से भी परिचित हो लीजिये!
इस कहानी का जिक्र करना बेहद आवश्यक इसलिए है क्यूंकि आप इसे समझ सकें कि तब कैसे कैसे लोग थे और आज कैसे कैसे लोग है!

चंद्रशेखर आजाद का क्रांतिकारी जीवन का केंद्र बिंदु झांसी रहा था! जहाँ क्रांतिकारियों में उनके २-3 करीबियों में से एक सदाशिव राव मलकापुरकर रहते थे.. चंद्रशेखर आजाद अपने जीवन में बहुत अधिक गोपनीयता रखते थे इस कारण वह आजीवन कभी भी पुलिस द्वारा पकडे नहीं गए थे! उन्हें इसका अहसास था कि उनके साथियों में कुछ कमजोर कड़ी है जो पुलिस की प्रताड़ना पर विश्वसनीय नहीं रह जायेंगे! लेकिन सदाशिव जी उन विश्वसनीय लोगों में से थे जिन्हें आजाद अपने साथ मध्यप्रदेश के  झाबुआ जिले के भाबरा गाँव ले गए थे और अपने पिता सीताराम तिवारी एवं माता जगरानी देवी से मिलवाया था..

सदाशिव राव आजाद की मृत्यु के पश्चात भी ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष करते रहे एवं कई बार जेल भी गए, आजादी के बाद जब वह स्वतंत्र हुए तो वह आजाद के माता पिता का हालचाल पूछने उनके गाँव पहुंचे; वहां उन्हें पता चला कि चंद्रशेखर आज़ाद की शहादत के कुछ वर्षों बाद उनके पिता जी की भी मृत्यु हो गयी थी! आज़ाद के भाई की मृत्यु भी इससे पहले ही हो चुकी थी!
अत्यंत निर्धनावस्था में हुई उनके पिता की मृत्यु के पश्चात आज़ाद की निर्धन निराश्रित वृद्ध माताश्री उस वृद्धावस्था में भी किसी के आगे हाथ फ़ैलाने के बजाय जंगलों में जाकर लकड़ी और गोबर बीनकर लाती थी तथा कंडे और लकड़ी बेचकर अपना पेट पालती रहीं!

लेकिन वृद्ध होने के कारण इतना काम नहीं कर पाती थीं कि भरपेट भोजन का प्रबंध कर सकें! अतः कभी ज्वार कभी बाज़रा खरीद कर उसका घोल बनाकर पीती थीं क्योंकि दाल चावल गेंहू और उसे पकाने का ईंधन खरीदने लायक धन कमाने की शारीरिक सामर्थ्य उनमे शेष ही नहीं रह गयी थी!  सबसे शर्मनाक बात तो यह कि उनकी यह स्थिति देश को आज़ादी मिलने के 2 वर्ष बाद (1949 ) तक जारी रही! (यहां आज की पीढ़ी के लिए उल्लेख करना आवश्यक है कि उस दौर में ज्वार और बाज़रा को ''मोटा अनाज'' कहकर बहुत उपेक्षित और हेय दृष्टि से देखा जाता था और इनका मूल्य गेंहू से बहुत कम होता था)

सदाशिव राव ने जब यह देखा तो उनका मन काफी व्यथित हो गया!  एक महान राष्ट्र भक्त की माँ दिन के एक वक़्त के भोजन के लिए तरस रही थी*! जब उन्होंने गाँव से कोई मदद न मिलने का कारण पता किया तो पता चला कि चंद्रशेखर आजाद की माँ को एक डकैत की माँ कहकर उलाहना दिया जाता थी और समाज ने उनका बहिष्कार सा किया हुआ था!

आजाद जी की माँ की इस दुर्दशा को देख सदाशिव जी ने उनसे अपने साथ झांसी चलने को कहा परन्तु उस स्वाभिमानी माँ ने अपनी उस दीनहीन दशा के बावजूद उनके साथ चलने से इनकार कर दिया था! तब चंद्रशेखर आज़ाद जी को दिए गए अपने एक वचन का वास्ता देकर सदाशिव जी उन्हें अपने साथ अपने घर झाँसी लेकर आये थे, क्योंकि उनकी स्वयं की स्थिति अत्यंत जर्जर होने के कारण उनका घर बहुत छोटा था अतः उन्होंने आज़ाद के ही एक अन्य मित्र भगवान दास माहौर के घर पर आज़ाद की माताश्री के रहने का प्रबंध किया था और उनके अंतिम क्षणों तक उनकी सेवा की! मार्च १९५१ में जब आजाद की माँ जगरानी देवी का झांसी में निधन हुआ तब सदाशिव जी ने उनका सम्मान अपनी माँ के समान करते हुए उनका अंतिम संस्कार स्वयं अपने हाथों से ही किया था! अपनी अत्याधिक जर्जर आर्थिक स्थिति के बावजूद सदाशिव जी ने चंद्रशेखर आज़ाद को दिए गए अपने वचन के अनुरूप आज़ाद की माताश्री को अनेक तीर्थ स्थानों की तीर्थ यात्रायें अपने साथ ले जाकर करवायी थीं!

अब यहाँ से प्रारम्भ होता है वो खूनी अध्याय जो राक्षसी राजनीति के उस भयावह चेहरे और चरित्र को उजागर करता है जिसके रोम-रोम में चंद्रशेखर आज़ाद सरीखे क्रांतिकारियों के प्रति केवल और केवल जहर ही भरा हुआ था!

चंद्रशेखर आज़ाद की माताश्री के देहांत के पश्चात झाँसी की जनता ने उनकी स्मृति में उनके नाम से एक सार्वजनिक स्थान पर पीठ का निर्माण किया; *प्रदेश की तत्कालीन सरकार ने इस निर्माण को झाँसी की जनता द्वारा किया हुआ अवैध और गैरकानूनी कार्य घोषित कर दिया था* ! किन्तु झाँसी के राष्ट्रभक्त नागरिकों ने तत्कालीन सरकार के उस शासनादेश को महत्व न देते हुए उस पीठ के पास ही चंद्रशेखर आज़ाद की माताश्री की मूर्ति स्थापित करने का फैसला कर लिया था!
मूर्ती बनाने का कार्य चंद्रशेखर आजाद के ख़ास सहयोगी कुशल शिल्पकार रूद्र नारायण सिंह जी को सौपा गया! उन्होंने फोटो को देखकर आज़ाद की माताश्री के चेहरे की प्रतिमा तैयार कर दी थी! झाँसी के नागरिकों के इन राष्ट्रवादी तेवरों से तिलमिलाई बिलबिलाई तत्कालीन सरकार अब तक अपने वास्तविक राक्षसी रूप में आ चुकी थी! जब सरकार को यह पता चला कि आजाद की माँ की मूर्ती तैयार की जा चुकी है और सदाशिव राव, रूपनारायण, भगवान् दास माहौर समेत कई क्रांतिकारी झांसी की जनता के सहयोग से मूर्ती को स्थापित करने जा रहे है तो उसने अमर बलिदानी चंद्रशेखर आज़ाद की माताश्री की मूर्ति स्थापना को देश, समाज और झाँसी की कानून व्यवस्था के लिए खतरा घोषित कर उनकी मूर्ति स्थापना के कार्यक्रम को प्रतिबंधित कर पूरे झाँसी शहर में कर्फ्यू लगा दिया, चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई ताकि अमर बलिदानी चंद्रशेखर आज़ाद की माताश्री की मूर्ति की स्थापना ना की जा सके !

तत्कालीन सरकार के इस राक्षसी स्वरूप के खिलाफ आज़ाद के अभिन्न सहयोगी सदाशिव जी ने ही कमान संभाली थी और चंद्रशेखर आज़ाद की माताश्री की मूर्ति अपने सिर पर रखकर इस ऐलान के साथ कर्फ्यू तोड़कर अपने घर से निकल पड़े थे कि यदि चंद्रशेखर आज़ाद ने मातृभूमि के लिए अपने प्राण बलिदान कर दिए थे तो आज मुझे अवसर मिला है कि उनकी माताश्री के सम्मान के लिए मैं अपने प्राणों का बलिदान कर दूं !

Indian Revolutionaries: A comprehensive study 1757-1961, Volume 3"

अपने इस ऐलान के साथ आज़ाद की माताश्री की मूर्ति अपने सिर पर रखकर पीठ की तरफ चल दिए सदाशिव जी के साथ झाँसी के राष्ट्रभक्त नागरिक भी चलना प्रारम्भ हो गए थे! अपने आदेश की झाँसी की सडकों पर बुरी तरह उड़ती धज्जियों से तिलमिलाई तत्कालीन राक्षसी सरकार ने अपनी पुलिस को सदाशिव जी को गोली मार देने का आदेश दे डाला था किन्तु आज़ाद की माताश्री की प्रतिमा को अपने सिर पर रखकर पीठ की तरफ बढ़ रहे सदाशिव जी को जनता ने चारों तरफ से अपने घेरे में ले लिया था अतः सरकार ने उस भीड़ पर भी गोली चलाने का आदेश दे डाला था! *परिणामस्वरूप झाँसी की उस निहत्थी निरीह राष्ट्रभक्त जनता पर तत्कालीन नृशंस सरकार की पुलिस की बंदूकों के बारूदी अंगारे मौत बनकर बरसने लगे थे सैकड़ों लोग घायल हुए, दर्जनों लोग जीवन भर के लिए अपंग हुए और तीन लोग मौत के घाट उतर गए थे*
तत्कालीन राक्षसी सरकार के इस खूनी तांडव का परिणाम यह हुआ था कि चंद्रशेखर आज़ाद की माताश्री की मूर्ति स्थापित नहीं हो सकी थी और आते जाते अनजान नागरिकों की प्यास बुझाने के लिए उनकी स्मृति में बने प्याऊ को भी पुलिस ने ध्वस्त कर दिया था!

अमर बलिदानी चंद्रशेखर आज़ाद की माताश्री की 2-3 फुट की मूर्ति के लिए उस देश में 5 फुट जमीन भी देने से तत्कालीन यमराजी सरकार ने इनकार कर दिया था जिस देश के लिए चंद्रशेखर आज़ाद ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे!  एक और कहाँ चन्द्र शेखर आजाद, उनकी माँ जगरानी देवी, सदाशिव मलकापुरकर, मास्टर रूपनारायण, भगवान् दास माहौर एवं झांसी की जनता वहीँ दूसरी और भावरा गाँव, वहाँ का समाज और तत्कालीन सरकार! आज भी हमारा समाज दो भागों में बंटा दिखाई देता है, लोग दो तरफ खड़े हुए है !

इस कहानी से देश के सभी लोगों को विशेषकर आज की नौजवान पीढ़ी के हर सदस्य को परिचित होना चाहिए! क्योंकि वर्षों से कुटिलता और कपट के साथ सत्ताधीशों ने अपने राक्षसी कारनामों को हमसे आपसे छुपाकर रखा है और इतने वर्षों से हमे सिर्फ यह समझाने की कोशिश की गई है कि देश की आज़ादी का इकलौता ठेकेदार परिवार विशेष ही है !
(बनारस, 24 जुलाई 2017,सोमवार)
http://chitravansh.blogspot.com

व्योमवार्ता / सोशल मीडिया पर हिन्दुस्तानियत को बदनाम करने की साजिश : व्योमेश चित्रवंश की डायरी, 24 जुलाई 2017,सोमवार

सोशल मीडिया पर हिन्दुस्तानियत को बदनाम करने की साजिश और जीआर वशिष्ठ व मोहम्मद जावेद जैसे पहुऱये : व्योमेश चित्रवंश की डायरी, 24 जुलाई 2017,सोमवार

कल फेसबुक  पर मित्र जी आर वशिष्ठ  की कहानी पढ़ कर उन्हे बधाई  देते हुये कहानी को अपनी डायरी  मे शेयर करने के लिये अनुमति  लिया था. दिन भर वो कहानी मन मे घुमड़ती रही, सावन के महीने मे जब बनारस और बाकी तीर्थों मे कॉवर यात्रा चल रही हो, गाहे बगाहे कॉवरियों के उडण्ड होने की खबरें आ रही हों,. वही दूसरी तरफ गोरक्षा  के नाम पर कथित गौभक्त एक ईमानदारी भरे प्रयास  को बदनाम करने के लिये  अपनी मनमानी  कर रहे है, काश्मीर मे पत्थरबाजी की घटनाओं मे स्थानीय जनता की  विशेषकर युवा वर्ग की बढ़ती भागीदारी, सोशल मीडिया पर एक दूसरे के प्रति जहर उगलते पोस्ट समाज के तानेबाने को  बिगाड़ने पर लगे हुये  है. ऐसे मे समाज मे एकदूसरे के प्रति बढ़ रहा अविश्वास  व उससे उभरती बेचैनी निश्चित  ही अच्छे  लक्षण नही है.  ऐसा जानबूझ  कर किया जा रहा है या सोची समझी साजिस के तहत, यह तो जॉच का विषय  है . क्योंकि योशल मीडिया के पोस्टो पर नजर डाले तो भाषाई तमीज व तहजीब तो दूर की बात इस बात की होड़ लगने लगी है कि किस निचले व छिछले स्तर तक जा कर एक दूसरे को हम कोस सकते है, पर हमारे सामने जीआर वशिष्ठ  जैसे उदाहरण  भी है जो कबीर के सामाजिक तानेबाने को शिद्दत  से कायम रखने के लिये मजबूती से खड़े है.
ऐसे मे आज हिन्दुस्तान  अखबार  मे साईबर संसार  स्तंभ मे मोहम्मद  जावेद की असली हिन्दुस्तानियत पोस्ट भी मिली जिसमे उन्होने बुधवार का वाकया बताते हुये कॉवरयात्रियो के विवेक व धार्मिक सद्भावना  की तारीफ करते हुये असली हिन्दुस्तानियत का जिक्र किया है.
हम इस बारे मे बेहद मुतमईन है कि हमारे हिन्दुस्तान  का धार्मिक तानाबाना बेहद मजबूत है जिसे हर भारतीय ने  अपने भावनाओं से सींचा है और हमारी यही भावना हमारी मूल भारतीयता है. बस इस भावना को तुष्टिकरण  की राजनीति  व क्षणिक स्वार्थी  कुत्साओं से दूूर रखने की जरूरत है,  हमे निश्चित  तौरसे सोशल मीडिया  पर वशिष्ठ और मोहम्मद जावेद जैसो ईमानदार  पहरूओं की पोस्ट बढ़ानी चाहिये क्योंकि यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी बनती है.
जयहिन्द जी आर वशिष्ठ जी और मोहम्मद  जावेद भाई आप के शानदार  पोस्ट के लिये.
#जय_हिन्द

रक्षाबंधन का त्यौहार आने वाला था। बाज़ार में रौनक थी। एक सात साल की बच्ची आरती अपने पिता की उंगली पकड़े चल रही थी। अचानक पास ही एक मिठाई की दुकान में गैस सिलेंडर में आग लग गयी और वो फट गया। लोगोँ को लगा कोई बम ब्लास्ट हुआ है। पूरे बाज़ार में भगदड़ मच गयी। आरती के हाथ से पिता की उंगली छूट गयी और कुछ ही पल में वो भीड़ में खो गयी।
शाम होते होते भीड़ कम हुई। पता चला कि दुकान की छत गिर गई लेकिन हादसे में किसी को चोट नही आई।
आरती सड़क के किनारे खड़ी रो रही थी। हिना ने बच्ची को रोते देखा तो समझ गई कि वो किसी के साथ आई होगी और भीड़ में बिछड़ गयी। हिना उसके पास आई और उसे चुप कराने लगी। उससे उसका पता पूछा, उससे जानना चाहा कि वो किसके साथ थी?, लेकिन आरती बस रोते ही जा रही थी। हिना ये सोचकर उसे घर ले चली कि पुलिस को बता देंगे शायद इसके घरवालों ने पुलिस में रिपोर्ट की हो।
घर पहुँचकर हिना ने दरवाज़ा खटखटाया। हिना के पति ज़फर ने दरवाज़ा खोला। हिना ने ज़फर को हादसे और आरती के बारे में बताया।
"कितनी प्यारी बच्ची है ना!" ज़फर ने हिना की तरफ देखते हुए कहा।
"बच्चियाँ प्यारी ही होती है स्वीटहार्ट।" हिना ने मुस्कुराते हुए कहा।
"तुम कुछ खाने के लिए बनाओ। बच्ची को भूख लगी होगी।" ज़फर ने हिना से कहा और हिना रसोई में चली गयी।
ज़फर ने अपने बेटे हैदर को आवाज़ लगाई।  हैदर बैठक में आ गया।
"हैदर तुम आरती के साथ खेलो, मैं नमाज़ पढ़के आता हूँ।" ज़फर ने हैदर को आरती के बारे में बताकर कहा और अपने कमरे में चला गया।
आरती अब चुप हो गयी थी और इस परिवार के व्यवहार से उसे अच्छा महसूस भी हो रहा था।
"तुम लोग मुस्लिम हो?" आरती ने उनके नाम और नमाज़ पढ़ने की बात सुनकर हैदर से पूछा।
"हाँ।" हैदर ने कहा।
"नही! तुम लोग मुस्लिम नही हो। तुम तो बहुत अच्छे हो। मेरे पापा कहते हैं कि मुस्लिम लोग बुरे होते हैं। वो आतंकवादी होते हैं।" आरती ने मासूमियत से कहा।
"नही। आतंकवादी लोग मुस्लिम नही होते। वो तो बस आतंकवादी होते हैं। मेरे अब्बू कहते हैं कि जिसके अंदर इंसानियत मर जाए वो मुस्लिम हो ही नही सकता।" हैदर ने शान्ति से जवाब दिया।
हिना और ज़फर को बच्चों की बातें सुनाई दे रही थीं। खाना बन चुका था। हिना ने बच्चों को खाना परोसा और मासूमों की ओर देखकर मुस्कुरा दी। ज़फर भी बैठक में आ गया। उसने आरती से उसके परिवार के बारे में पूछा। आरती ने बताया कि उसके पिता का नाम प्रेम है और वो सरकारी स्कूल में टीचर हैं। आरती ने प्रेम का फोन नम्बर ज़फर को बताया। ज़फर ने प्रेम को फोन करके आरती के बारे में बताया। अपने घर का पता बताकर प्रेम को बुलाया। थोड़ी देर बाद प्रेम ज़फर के घर आ गया। ज़फर ने हिना को प्रेम के लिए चाय बनाने को कहा।
प्रेम ने चाय के लिए मना किया तो ज़फर ने ने कहा "हम मुस्लिम होने से पहले हिन्दुस्तानी भी हैं साहब। चाय तो आपको पीनी ही पड़ेगी।"
इस बार प्रेम मना नही कर पाया।
कुछ देर बातें हुई।
अचानक ज़फर की नज़र हैदर की गुल्लक पर पड़ी। ज़फर ने गुल्लक उठाकर फोड़ दी और सिक्कों को उठाते हुए बोला "इनमें सोने की अशर्फियाँ नही दिख रही!"
प्रेम ने चौंककर पूछा "आपने इसमें सोने की अशर्फियाँ रखी थीं?"
"नही। इसमें तो सिक्के ही डाले गए थे।" ज़फर ने कहा।
"तो फिर सोने की अशर्फियाँ क्यों निकलेंगी?" प्रेम ने कहा।
ये सुनकर ज़फर ने कहना शुरू किया।
"प्रेम जी। ये बच्चे भी गुल्लक की ही तरह होते हैं। इनको जो सिखाया जाएगा वही तो सीखेंगे। हम सिक्के डालेंगे तो अशर्फियाँ क्योँ निकलने लगीं! कोई धर्म बुरा नही होता  लेकिन अगर उस धर्म के नाम पर जब कुछ लोग बुरा करते हैं तो बदनामी पूरे धर्म की ही होती है और फिर उस धर्म के लोगों का कर्तव्य बनता है कि उन बुरे लोगों के खिलाफ कदम उठाएं। हम चाहते हैं कि ज़ुर्म करने वालों को सजा मिले।
आतंकवादियों की बन्दूक से निकली गोली पूछकर नही लगती कि आप हिन्दू हैं या मुस्लिम। हमारा मज़हब और मैं तो कहता हूँ कोई भी मज़हब दूसरों को तकलीफ़ देना नही सिखाता तो फिर बेगुनाहों की हत्या करने वाले लोग किसी धर्म के कैसे हो सकते हैं?
भाई मेरे आतंकवादी सिर्फ आतंकवादी होते हैं। और उनके हमलों में मरने वाला हमेशा हिंदुस्तानी होता है। फिर हम क्यों हिन्दू मुस्लिम के नाम पर सियासत करते फिरे? हम सब हिंदुस्तानी हैं ना।
आप और हम मिलकर कोशिश करेंगे ना।
इन लोगों का सफाया होगा। जल्द ही सब ठीक हो जायेगा भाई।"
प्रेम कुछ कह नही पाया। आरती को साथ लेकर चलने लगा। ज़फर उनको छोड़ने दरवाज़े तक आया। प्रेम जाने लगा तो पीछे से ज़फर ने उन्हें आवाज़ दी। प्रेम ने पीछे मुड़कर देखा।
"आपका नाम बहुत ख़ूबसूरत है भाई 'प्रेम'। और हाँ गुल्लक में अशर्फियाँ डालियेगा।" ज़फर ने मुस्कुराते हुए कहा।
प्रेम मुस्कुरा दिया और चलने लगा तो ज़फर ने फिर से आवाज़ देकर रोका और कहा "हिन्दू बहुत अच्छे होते हैं भाई और मुस्लिम भी बुरे नही होते।"
इस बार प्रेम की मुस्कुराहट पिछली बार से कुछ अधिक थी।
प्रेम आरती को अपने घर ले आया। घर पहुँचकर उसे अफ़सोस हुआ कि उसे ज़फर से अच्छे से बात करनी चाहिए थी, कितने अच्छे लोग हैं वो। लेकिन ज़फर और उसके परिवार से मिलने के बाद प्रेम का मुस्लिमों के प्रति नज़रिया धीरे धीरे बदलने लगा। उसे सच में लगने लगा कि सब लोग एक जैसे नही होते और वो अब बच्चों को सभी धर्मों का आदर करने की बातें सिखाने लगा।
एक दिन प्रेम टीवी देख रहा था कि अचानक उसका रिमोट न्यूज़ चैनल से आगे न बढ़ा। ब्रेकिंग न्यूज़: श्रीनगर में बस पर हमला करने आये तीन आतंकवादी सेना से मुठभेड़ में ढेर। बताया जा रहा है कि बस में  राजस्थान से तीन हिन्दू परिवारों के लोग कश्मीर घूमने आये थे। इस मुठभेड़ में लेफ्टिनेंट मोहम्मद ज़फर शहीद हो गए हैं। नाम सुनने से पहले प्रेम ने टीवी स्क्रीन पर दिखती ज़फर की तस्वीर से उसका चेहरा पहचान लिया था। ज़फर के सीने में तीन गोलियाँ लगी थी।
प्रेम का शरीर जैसे सुन्न हो गया हो। पलकें झपकने के अलावा बदन कोई हरकत नही कर रहा था। आँखों से आँसू बह रहे थे। एक हिंदुस्तानी के शहीद होने का दर्द महसूस हो रहा था। आरती ने पीछे से आकर पापा के कंधे पर हाथ रखा। प्रेम ने ख़ुद को सम्भाला। आरती ज़फर का चेहरा पहचान नही पायी थी।
उसने प्रेम की ओर देखकर कहा, "पापा मुस्लिम अच्छे होते हैं ना?"
"हाँ बेटा। एक सच्चा हिन्दुस्तानी कभी बुरा नही हो सकता।" प्रेम कहते हुए टीवी की तरफ बढ़ा और ज़फर की और देखकर सैल्यूट करते हुए कहा "जय हिन्द, जय हिन्द मेरे भाई।"
"जय हिन्द" पीछे से आरती की मासूम सी आवाज़ आई। प्रेम ने पीछे मुड़कर देखा। आरती अपना हाथ माथे से लगाए सैल्यूट कर रही थी। गुल्लक में सोने की अशर्फियों की खनखनाहट थी।
- जी आर वशिष्ठ
(बनारस, 24 जुलाई 2017, सोमवार)
http://chitravansh.blogspot.in